OnePlus के फोन्स पर महंगाई की मार! 4 हजार रुपये तक बढ़े दाम, खरीदने से पहले जानें नई कीमत
वनप्लस यूजर्स को कंपनी की ओर से बड़ा झटका लगा है. भारत में वनप्लस ने अपने कई स्मार्टफोन की कीमतों में दोबारा बढ़ोतरी की है. रिपोर्ट के अनुसार, Nord 6, Nord CE 6, Nord CE 6 Lite के साथ OnePlus N6 और हाल ही में लॉन्च हुए N6x के दाम भी बढ़ाए गए हैं. कुछ मॉडल्स की कीमत में सीधे 4,000 रुपये तक का इजाफा बताया जा रहा है. खास बात यह है कि नई कीमतें वनप्लस इंडिया की वेबसाइट पर भी नजर आ रही हैं.
Nord 6 और Nord CE 6 हुए महंगे
वनप्लस Nord 6 के 8GB रैम और 256GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत अब 46,999 रुपये बताई गई है, जबकि 12GB रैम और 256GB स्टोरेज मॉडल 52,999 रुपये में लिस्ट है. इससे पहले इनकी कीमत 44,999 रुपये और 50,999 रुपये थी. वहीं Nord CE 6 के 6GB+128GB मॉडल की कीमत 28,999 रुपये, 8GB+128GB की 30,999 रुपये और 8GB+256GB वेरिएंट की कीमत 34,999 रुपये बताई गई है.
Nord CE 6 Lite पर सबसे ज्यादा असर
कीमत बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर Nord CE 6 Lite पर दिखाई दे रहा है. इसके 6GB+128GB मॉडल की कीमत 25,999 रुपये से बढ़कर 28,999 रुपये हो गई है. 8GB+128GB वेरिएंट अब 30,999 रुपये में उपलब्ध बताया जा रहा है, जो पहले 27,999 रुपये का था. वहीं 8GB+256GB मॉडल की कीमत 30,999 रुपये से बढ़कर 34,999 रुपये हो गई है. यानी कुछ वेरिएंट 4,000 रुपये तक महंगे हुए हैं.
OnePlus N6 और N6x की कीमत भी बढ़ी
OnePlus N6 के 4GB+128GB मॉडल की कीमत अब 24,999 रुपये बताई गई है, जबकि पहले यह 22,999 रुपये में मिलता था. इसके 6GB+128GB वेरिएंट की कीमत 24,999 रुपये से बढ़कर 26,999 रुपये हो गई है. दूसरी ओर, हाल में लॉन्च हुए OnePlus N6x के 4GB+64GB मॉडल की कीमत 18,999 रुपये से बढ़कर 20,999 रुपये और 128GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 20,999 रुपये से बढ़कर 22,999 रुपये बताई गई है.
मेमोरी कंपोनेंट की बढ़ती कीमतों का असर
रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्मार्टफोन की कीमतों में यह बदलाव दुनियाभर में मेमोरी कंपोनेंट्स की कीमतों में आई तेजी के बीच हुआ है. हालांकि वनप्लस ने अभी कीमत बढ़ाने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन नई कीमतें कंपनी की भारतीय वेबसाइट पर दिखाई देने की बात कही जा रही है. ऐसे में अगर आप वनप्लस का इनमें से कोई फोन खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो पुरानी कीमत के मुकाबले अब आपको ज्यादा बजट रखना पड़ सकता है.