रक्षाबंधन पर CM धामी का बहनों को बड़ा तोहफा, 2 दिन फ्री में कर सकेंगी सफर
रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर राखी सजाने मायके जाने वाली बहनों के लिए उत्तराखंड सरकार ने इस बार सफर आसान कर दिया है। राज्य सरकार ने महिलाओं के लिए दो दिनों तक रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है। 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं से राज्य की सीमा के भीतर कोई किराया नहीं लिया जाएगा। खास बात यह है कि यह सुविधा सिर्फ साधारण बसों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सीएनजी, एसी और वोल्वो बसों में भी लागू होगी।
एक दिन नहीं, लगातार दो दिन मिलेगा फायदा
हर साल रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाती है, लेकिन इस बार इसकी अवधि बढ़ाकर दो दिन कर दी गई है। परिवहन निगम के जीएम संचालन क्रांति सिंह के मुताबिक, पर्वतीय क्षेत्रों और मैदानी इलाकों के बीच लंबी दूरी तय करने वाली महिलाओं के लिए एक ही दिन में आना-जाना मुश्किल होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए 28 और 29 अगस्त को यह सुविधा देने का निर्णय लिया गया है। त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी भी की जा रही है।
उत्तराखंड की सीमा तक ही नहीं लगेगा किराया
मुफ्त यात्रा का लाभ केवल उत्तराखंड की सीमा के भीतर मिलेगा। उदाहरण के लिए, हल्द्वानी से दिल्ली जाने वाली महिला को राज्य की सीमा तक का किराया नहीं देना होगा, लेकिन सीमा पार करने के बाद आगे की यात्रा का निर्धारित किराया देना पड़ेगा। इसी तरह हल्द्वानी से बरेली जाने पर उत्तराखंड की सीमा तक सफर मुफ्त रहेगा। परिवहन निगम मुफ्त यात्रा का पूरा विवरण तैयार कर शासन को भेजेगा, जिसके बाद तय प्रक्रिया के तहत निगम को भुगतान किया जाएगा।
मायके जाने वाली बहनों के लिए बड़ी राहत
रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं दूर-दराज के इलाकों से अपने मायके पहुंचती हैं। ऐसे में दो दिन की निशुल्क बस यात्रा उनके लिए आर्थिक राहत के साथ-साथ सफर में अतिरिक्त सुविधा भी लेकर आई है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों से लंबी दूरी तय करने वाली महिलाओं को इसका सीधा फायदा मिलेगा। साधारण बसों के अलावा एसी और वोल्वो बसों को भी योजना में शामिल किए जाने से इस सुविधा का दायरा और बढ़ गया है।