रील बनाने की सनक पड़ी भारी! सांप के मुंह में डाला अंगूठा, युवक को तीन बार डसा, फिर जो हुआ…
सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में लोग अक्सर ऐसे खतरनाक कदम उठा बैठते हैं, जिनका खामियाजा उन्हें अपनी जान जोखिम में डालकर भुगतना पड़ता है। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम रील बनाने के दौरान एक युवक ने जहरीले सांप के साथ ऐसी हरकत कर दी, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोगों की भी सांसें थम गईं। सांप के मुंह में अंगूठा डालना युवक को इतना भारी पड़ा कि सांप ने उसे लगातार तीन बार डस लिया।
सांप को पकड़कर जंगल छोड़ने निकला था युवक
मामला अछल्दा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक अछल्दा रेलवे स्टेशन और रेलवे लाइन के पास एक दुकान के नजदीक स्थानीय लोगों को सांप दिखाई दिया था। करीब 25 वर्षीय ऋषि पोरवाल ने सांप को पकड़ लिया। बताया गया कि उसका इरादा सांप को आबादी से दूर जंगल में छोड़ने का था, लेकिन रास्ते में सोशल मीडिया वीडियो बनाने का ख्याल उस पर हावी हो गया। इसके बाद वह सांप के साथ स्टंट करते हुए वीडियो बनवाने लगा।
मुंह में अंगूठा डालते ही सांप ने किया हमला
वीडियो बनाने के दौरान ऋषि ने सांप के मुंह में अपना अंगूठा डाल दिया। सांप ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए उसके अंगूठे पर हमला कर दिया। युवक ने हाथ छुड़ाने की कोशिश की तो सांप ने दोबारा काट लिया और इसके बाद तीसरी बार भी डस लिया। लगातार तीन बार काटे जाने के बाद युवक घबरा गया और उसने सांप को छोड़ दिया। इसके बाद सांप झाड़ियों में चला गया और गायब हो गया। इस पूरी घटना ने वहां मौजूद लोगों को भी डरा दिया।
अस्पताल नहीं पहुंचा युवक, डॉक्टरों ने दी सतर्क रहने की सलाह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में युवक ने सांप के काटने को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन आसपास मौजूद लोगों के समझाने के बाद वह घबरा गया। हालांकि, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) अछल्दा के डॉक्टरों के मुताबिक घटना वाले दिन ऐसा कोई मरीज इलाज के लिए अस्पताल नहीं पहुंचा था। जहरीले सांप के काटने की स्थिति में लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए विशेषज्ञ हमेशा ऐसी स्थिति में सांप को पकड़ने या उसके साथ स्टंट करने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय मदद लेने की सलाह देते हैं।