Bihar: बेतिया में जश्न बना मातम, तेज रफ्तार बस ने 18 लोगों को रौंदा, 5 की मौत
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया में शुक्रवार देर रात एक खुशी का माहौल अचानक मातम में बदल गया। बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग NH-727 पर बसवरिया और पराउटोला के बीच तेज रफ्तार शाही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों की भीड़ में जा घुसी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
छठिहार समारोह में चल रहा था ऑर्केस्ट्रा
जानकारी के अनुसार, NH-727 किनारे धर्मेंद्र दुबे के घर पर बच्चे के जन्म के बाद छठिहार समारोह आयोजित किया गया था। घर में रिश्तेदार और ग्रामीण जुटे थे, जबकि बाहर सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा का कार्यक्रम चल रहा था। बड़ी संख्या में लोग सड़क के पास खड़े होकर नाच-गाना देख रहे थे। तभी रात करीब 12:45 बजे गोरखपुर से बेतिया जा रही शाही बस अचानक बेकाबू हो गई और भीड़ को कुचलते हुए निकल गई।
ओवरटेक की होड़ में छूटा बस का नियंत्रण
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय बेतिया की ओर से गैस सिलेंडर से लदा ट्रक आ रहा था और दूसरी तरफ से शाही बस तेज गति से आ रही थी। बताया जा रहा है कि दोनों वाहनों के बीच ओवरटेक करने की होड़ के दौरान बस चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। इसके बाद बस सीधे सड़क किनारे मौजूद लोगों में जा घुसी। कुछ ही पलों में समारोह स्थल पर चीख-पुकार मच गई।
पांच परिवारों में पसरा मातम
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल ले जाते समय या इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। पांच अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
खुशी के समारोह में छाया गम
जिस घर में कुछ देर पहले बच्चे के जन्म की खुशियां मनाई जा रही थीं और सोहर-बधाइयों की गूंज थी, वहीं हादसे के बाद चीख-पुकार और मातम पसरा है। अचानक हुई इस दुर्घटना ने समारोह में शामिल परिवारों और ग्रामीणों को झकझोर दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम को समझने में जुटी है।