यश की ‘टॉक्सिक’ पर भारी पड़ी ‘हनुमान अंश’, बॉक्स ऑफिस पर कर रही छप्परफाड़ कमाई, जानें कलेक्शन
बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों फिल्मों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिल रही है। एक तरफ यश की ‘टॉक्सिक’ अपनी रफ्तार बनाए रखने की कोशिश कर रही है, तो दूसरी ओर बेहद कम बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ लगातार चौंकाने वाले आंकड़े दे रही है। अब ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की थिएटर रिलीज ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। नई रिलीज के बीच ‘हनुमान अंश’ ने कमाई के मामले में ‘टॉक्सिक’ को पीछे छोड़ दिया है।
28वें दिन भी ‘हनुमान अंश’ का जलवा
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के 28वें दिन करीब 11 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। फिल्म के कुल 7,055 शोज रहे और गुरुवार को इसकी कमाई में पिछले दिन के मुकाबले 41.9 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे पहले फिल्म ने 7.75 करोड़ रुपये कमाए थे। इसी के साथ फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 85.97 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 72.88 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
सिर्फ 2 करोड़ का बजट, अब 100 करोड़ पर नजर
‘हनुमान अंश’ की सबसे बड़ी खासियत इसका बेहद कम बजट है। करीब 1.8 से 2 करोड़ रुपये में तैयार हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसकी शायद किसी ने उम्मीद नहीं की थी। शुरुआत में धीमी कमाई के बावजूद दर्शकों की तारीफ और सोशल मीडिया पर बने पॉजिटिव माहौल ने फिल्म को लगातार फायदा पहुंचाया। मजबूत वर्ड ऑफ माउथ के चलते दर्शक सिनेमाघरों तक पहुंचते रहे और अब फिल्म जल्द ही 100 करोड़ रुपये के आंकड़े की ओर बढ़ रही है। इसी शानदार प्रदर्शन के कारण यह इस साल की सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली फिल्मों में सबसे आगे निकल गई है।
‘टॉक्सिक’ की कमाई पर पड़ा दबाव
वहीं यश की ‘टॉक्सिक’ की रफ्तार फिलहाल कुछ धीमी नजर आ रही है। फिल्म ने 9वें दिन करीब 4.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि इसके कुल 10,863 शोज रहे और ऑक्यूपेंसी 13.8 फीसदी दर्ज की गई। फिल्म ने हिंदी से 2.85 करोड़, कन्नड़ से 1.04 करोड़, तमिल से 15 लाख और तेलुगु से 20 लाख रुपये की कमाई की। मलयालम से फिल्म की कमाई करीब 1 लाख रुपये रही।
328 करोड़ के पार पहुंची टॉक्सिक
‘टॉक्सिक’ का भारत में नेट कलेक्शन अब करीब 239.30 करोड़ रुपये हो चुका है, जबकि दुनियाभर में फिल्म ने 328.45 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने बीते दिन करीब 1 करोड़ रुपये कमाए, जिससे विदेशों में इसका कुल कलेक्शन 42.75 करोड़ रुपये हो गया है। हालांकि ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की एंट्री के बाद अब ‘टॉक्सिक’ और ‘हनुमान अंश’ दोनों के सामने स्क्रीन्स और दर्शकों को लेकर नई चुनौती खड़ी हो गई है। आने वाले दिनों में साफ होगा कि नई रिलीज का सबसे बड़ा असर किस फिल्म की कमाई पर पड़ता है।