Hanuman Ansh Collection: 34वें दिन भी नहीं थमी हनुमान अंश की रफ्तार, ‘मिर्जापुर द मूवी’ को दे रही कड़ी टक्कर
बॉक्स ऑफिस पर कई बार ऐसी फिल्में सामने आती हैं, जिनकी शुरुआत भले ही धीमी हो, लेकिन बाद में उनकी कहानी पूरी तरह बदल जाती है। नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ भी कुछ ऐसी ही फिल्म साबित हुई है। रिलीज के एक महीने से ज्यादा समय बाद भी फिल्म की कमाई की रफ्तार कम होने का नाम नहीं ले रही है। 34वें दिन भी फिल्म ने शानदार कारोबार किया है और सिनेमाघरों में इसकी पकड़ अब भी मजबूत बनी हुई है।
दो हफ्ते बाद बदली फिल्म की किस्मत
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ को रिलीज के शुरुआती दो हफ्तों में बॉक्स ऑफिस पर खास रिस्पॉन्स नहीं मिला था। हालात यहां तक पहुंच गए थे कि कई सिनेमाघरों से फिल्म के शो हटाए जाने लगे थे। लेकिन इसके बाद अचानक फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। देखते ही देखते दर्शकों के बीच फिल्म की डिमांड बढ़ती चली गई और अब एक महीने बाद भी इसे करीब 10 हजार शोज मिल रहे हैं।
‘मिर्जापुर द मूवी’ से भी हो रहा मुकाबला
‘हनुमान अंश’ की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब यह छह दिन पहले रिलीज हुई ‘मिर्जापुर द मूवी’ को भी बॉक्स ऑफिस पर टक्कर देती नजर आ रही है। जहां नई रिलीज फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज है, वहीं ‘हनुमान अंश’ ने अपनी लगातार कमाई से मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘मिर्जापुर द मूवी’ अब तक करीब 12.50 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी है।
34वें दिन भी 10 करोड़ के पार कमाई
सैकनिल्क के अर्ली ट्रेड के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने अपने पांचवें बुधवार यानी 34वें दिन भी करीब 10 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। फिल्म की कमाई का यह आंकड़ा इसलिए भी खास है क्योंकि आमतौर पर रिलीज के एक महीने बाद फिल्मों के कलेक्शन में बड़ी गिरावट देखने को मिलती है। इसके उलट ‘हनुमान अंश’ वीकडेज में भी 10 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस करती दिखाई दे रही है।
180 करोड़ के करीब पहुंचा ग्रॉस कलेक्शन
34 दिनों के सफर में फिल्म का इंडियन ग्रॉस कलेक्शन करीब 180 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जबकि नेट कलेक्शन 153 करोड़ रुपये के पार बताया जा रहा है। फिल्म ने पहले हफ्ते में 1.08 करोड़, दूसरे हफ्ते में 40 लाख, तीसरे हफ्ते में 10.40 करोड़ और चौथे हफ्ते में 61 करोड़ रुपये का कारोबार किया। पांचवें हफ्ते में भी फिल्म ने छह दिनों में शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक करीब 80 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। इससे साफ है कि फिल्म की असली रफ्तार रिलीज के बाद कई दिनों तक इंतजार करने के बाद देखने को मिली।
नीम करोली बाबा के किरदार में नजर आए शोभिनव सत्या
‘हनुमान अंश’ में नीम करोली बाबा का किरदार शोभिनव सत्या ने निभाया है। खास बात यह है कि फिल्म की कहानी निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की ही किताब पर आधारित है। शुरुआत में धीमी प्रतिक्रिया के बाद फिल्म जिस तरह से दर्शकों के बीच अपनी जगह बनाने में कामयाब हुई है, उसने इसे इस साल की सबसे अनएक्सपेक्टेड सुपरहिट फिल्मों में शामिल कर दिया है।