MP Police में कॉन्स्टेबल के 7500 पदों पर बंपर भर्ती, 22 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन, जानें डिटेल्स
मध्य प्रदेश में पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस आरक्षक यानी कॉन्स्टेबल (GD) के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 7500 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार तय तारीखों के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
7500 पदों पर होगी भर्ती
जारी अधिसूचना के मुताबिक कुल 7500 पदों में से 700 पद विशेष सशस्त्र बल में कॉन्स्टेबल GD के लिए निर्धारित किए गए हैं, जबकि विशेष सशस्त्र बल को छोड़कर कॉन्स्टेबल GD के 6800 पदों पर भर्ती होगी। आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 6 अक्टूबर 2026 तक फॉर्म भर सकेंगे। आवेदन में सुधार की अंतिम तारीख 11 अक्टूबर 2026 तय की गई है, जबकि लिखित परीक्षा 19 नवंबर 2026 से शुरू होगी।
योग्यता और आयु सीमा
कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए उम्मीदवार का भारत का नागरिक होना जरूरी है। सामान्य तौर पर अभ्यर्थी ने मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्था से 10+2 प्रणाली के तहत 10वीं या 12वीं अथवा समकक्ष परीक्षा पास की होनी चाहिए। अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर होगी और मध्य प्रदेश के सामान्य एवं EWS वर्ग तथा अन्य राज्यों के उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 33 वर्ष निर्धारित है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
लिखित परीक्षा के बाद होगा फिजिकल टेस्ट
चयन प्रक्रिया में सबसे पहले लिखित परीक्षा होगी। इसमें सफल उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षण और इसके बाद दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया से गुजरना होगा। सभी चरणों में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को 19,500 रुपये से लेकर 62,000 रुपये तक मासिक वेतन के साथ नियमानुसार अन्य भत्ते भी दिए जाएंगे। भर्ती की विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवार आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर देखें।