7 साल बाद भारत आएंगे शी जिनपिंग, BRICS समिट में होंगे शामिल, चीनी विदेश मंत्रालय ने किया कंफर्म
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भारत दौरे को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। चीन ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि जिनपिंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। भारत इस सम्मेलन की मेजबानी भारत मंडपम में कर रहा है। जिनपिंग का यह दौरा करीब सात साल बाद हो रहा है और इसे भारत-चीन संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
7 साल बाद भारत आएंगे जिनपिंग
शी जिनपिंग की पिछली भारत यात्रा 11-12 अक्टूबर 2019 को हुई थी, जब वह तमिलनाडु के मामल्लापुरम पहुंचे थे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ भारत-चीन के दूसरे अनौपचारिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था। इसके बाद सीमा विवाद को लेकर दोनों देशों के रिश्तों में तनाव देखने को मिला। अब दोनों देश संबंधों को फिर से स्थिर करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और ऐसे समय में जिनपिंग का भारत दौरा हो रहा है।
करीब 24 घंटे दिल्ली में रहेंगे चीनी राष्ट्रपति
सूत्रों के मुताबिक, शी जिनपिंग करीब 24 घंटे दिल्ली में रहेंगे। बताया जा रहा है कि वह 12 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक होगी और फिर वह ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। 13 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे जिनपिंग चीन के लिए रवाना हो सकते हैं।