बॉक्स ऑफिस पर छाई ‘Mirzapur The Movie’, 7 दिन में 150 करोड़ के पार पहुंची कमाई
बिना बड़े प्रमोशन और शोर-शराबे के सिनेमाघरों में पहुंची मिर्जापुर द मूवी (Mirzapur The Movie) ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। रिलीज के महज सात दिनों में फिल्म की कमाई 150 करोड़ रुपये के आंकड़े के करीब पहुंच गई है। गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म अब टॉक्सिक और हनुमान अंश जैसी फिल्मों को टक्कर देते हुए बॉक्स ऑफिस की रेस में तेजी से आगे बढ़ रही है।
सातवें दिन भी जारी रहा कमाई का सिलसिला
मिर्जापुर द मूवी की कमाई में वीकडेज के दौरान भी खास गिरावट देखने को नहीं मिली। सैकनिल्क के अर्ली ट्रेड के मुताबिक, सातवें दिन फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 7.04 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 145 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 170 करोड़ रुपये से ज्यादा बताया जा रहा है।
ऐसा रहा डे-वाइज कलेक्शन
फिल्म ने पहले दिन 25.75 करोड़ रुपये से खाता खोला था। दूसरे दिन 32 करोड़, तीसरे दिन 36 करोड़, चौथे दिन 16 करोड़, पांचवें दिन 15.60 करोड़ और छठे दिन 12.55 करोड़ रुपये की कमाई की। सातवें दिन के शुरुआती आंकड़े के साथ फिल्म का कुल कलेक्शन लगातार मजबूत बना हुआ है। खास बात यह है कि वीकडेज में भी फिल्म की कमाई कई फिल्मों के मुकाबले बेहतर रही है।
सीरीज की सफलता का मिला फायदा
मिर्जापुर द मूवी की कहानी और किरदारों से दर्शकों की पहले से पहचान है, क्योंकि इससे पहले इसी नाम की वेब सीरीज के तीन सफल सीजन आ चुके हैं। प्राइम वीडियो पर सीरीज को मिली लोकप्रियता के बाद मेकर्स ने इसे बड़े पर्दे पर उतारा और अब फिल्म की बॉक्स ऑफिस कमाई ने फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता को एक बार फिर साबित कर दिया है।