20 हजार के बजट में Lava का नया फोन लॉन्च, कर्व्ड डिस्प्ले और 6000mAh बैटरी से है लैस, जानें फीचर्स
भारतीय स्मार्टफोन ब्रांड Lava ने अपने नए 5G स्मार्टफोन Lava Virat Curve 5G को भारतीय बाजार में उतार दिया है। फोन की खासियत इसका 3D कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले ही नहीं, बल्कि रियर पैनल पर दी गई मिनी स्क्रीन भी है। इसके साथ कंपनी ने बड़ी बैटरी, 50MP कैमरा और Android 16 जैसे फीचर्स भी दिए हैं। फोन को तीन कलर ऑप्शन में पेश किया गया है।
कीमत और बिक्री की डिटेल
Lava Virat Curve 5G के 6GB RAM और 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 23,999 रुपये है। बैंक डिस्काउंट के बाद ग्राहक इसे 19,999 रुपये की प्रभावी कीमत पर खरीद सकेंगे। यह स्मार्टफोन Ellora Slate, Heritage Indigo और Makrana Ivory कलर में उपलब्ध होगा। इसकी बिक्री Flipkart पर 28 सितंबर से शुरू होगी।
120Hz कर्व्ड AMOLED और पीछे मिनी स्क्रीन
फोन में 6.67 इंच का Full HD+ 3D कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले दिया गया है। स्क्रीन 1,080×2,400 पिक्सल रेजोल्यूशन, 120Hz रिफ्रेश रेट, 394ppi पिक्सल डेंसिटी और 100 प्रतिशत DCI-P3 कलर गैमट सपोर्ट करती है। इसकी पीक ब्राइटनेस 1,100 निट्स तक है। पीछे मौजूद मिनी डिस्प्ले से फोन अनलॉक किए बिना समय, बैटरी, वॉल्यूम, इमोजी और नोटिफिकेशन देखे जा सकते हैं।
Dimensity 7100 और 50MP कैमरा
परफॉर्मेंस के लिए Lava Virat Curve 5G में 6nm प्रोसेस पर आधारित MediaTek Dimensity 7100 चिपसेट दिया गया है। फोन में 6GB LPDDR5 RAM और 128GB UFS 2.2 स्टोरेज मिलती है, जबकि 6GB तक वर्चुअल RAM का सपोर्ट भी है। कैमरा सेटअप में 50MP Sony IMX752 प्राइमरी सेंसर मिलता है, जो EIS सपोर्ट करता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 13MP फ्रंट कैमरा दिया गया है।
6000mAh बैटरी और Android 16
Lava के इस फोन में 6,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। हालांकि, कंपनी बॉक्स में 33W का चार्जर देती है। कंपनी के मुताबिक फोन 55 घंटे तक टॉकटाइम, 720 घंटे तक स्टैंडबाय और 660 मिनट तक YouTube प्लेबैक दे सकता है। सॉफ्टवेयर के तौर पर इसमें Android 16 मिलता है और कंपनी दो साल के OS अपडेट व तीन साल के सिक्योरिटी अपडेट देने वाली है।
IP64 रेटिंग के साथ मिलेंगे ये फीचर्स
स्मार्टफोन में IR ब्लास्टर के अलावा जायरोस्कोप, एक्सेलेरोमीटर, प्रॉक्सिमिटी और एंबियंट लाइट सेंसर दिए गए हैं। इसमें इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर और फेस अनलॉक भी मिलता है। फोन को MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड सर्टिफिकेशन मिला है, जबकि IP64 रेटिंग धूल और पानी से सुरक्षा प्रदान करती है। डिवाइस का वजन 184 ग्राम और मोटाई 8.55mm है।