सरकारी नौकरी का शानदार मौका, UPSSSC ने निकाली JE Agriculture की वैकेंसी, ऐसे करें अप्लाई
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उत्तर प्रदेश में भर्ती का एक और मौका आया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने कृषि निदेशक के अधीन जूनियर इंजीनियर (एग्रीकल्चर) मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 134 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 7 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि आवेदन में सुधार की सुविधा 14 अक्टूबर तक उपलब्ध रहेगी।
134 पदों पर होगी भर्ती, जानें योग्यता
आयोग ने जूनियर इंजीनियर (एग्रीकल्चर) मुख्य परीक्षा के लिए विज्ञापन संख्या 19-Exam/2026 के तहत आवेदन मांगे हैं। इन पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ संबंधित विषय में 3 साल का एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग डिप्लोमा भी होना चाहिए। उम्मीदवार को देवनागरी लिपि में हिंदी की जानकारी भी होनी चाहिए। इस भर्ती में केवल वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, जिन्हें आयोग की ओर से UPSSSC PET 2025 का स्कोर कार्ड जारी किया गया है।
कैटेगरी के हिसाब से पद और उम्र की सीमा
कुल 134 पदों में 54 पद सामान्य वर्ग, 23 पद एससी, 1 पद एसटी, 43 पद ओबीसी और 13 पद ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए निर्धारित हैं। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आयु सीमा में छूट आयोग के नियमों के अनुसार मिलेगी। आवेदन शुल्क सभी वर्गों के लिए 25 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसे ऑनलाइन जमा करना होगा।
PET स्कोर से शॉर्टलिस्टिंग, फिर मुख्य परीक्षा
जूनियर इंजीनियर (एग्रीकल्चर) पदों पर उम्मीदवारों का चयन UPSSSC PET 2025 के स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और इसके बाद मुख्य लिखित परीक्षा के जरिए किया जाएगा। मुख्य परीक्षा की तारीख और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी आयोग बाद में जारी करेगा। चयनित उम्मीदवारों को लेवल-6 के तहत वेतन दिया जाएगा। वेतनमान 9,300 से 34,800 रुपये और 4,200 रुपये ग्रेड पे निर्धारित है।
ऐसे भरें जूनियर इंजीनियर भर्ती का फॉर्म
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले upsssc.gov.in पर जाना होगा और वेबसाइट के एडवर्टाइजमेंट सेक्शन में संबंधित भर्ती के आवेदन लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद PET रजिस्ट्रेशन नंबर, ओटीपी और सिक्योरिटी कोड के जरिए आवेदन प्रक्रिया आगे बढ़ानी होगी। फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरने के बाद जरूरी डॉक्यूमेंट, फोटो और सिग्नेचर अपलोड करने होंगे। इसके बाद 25 रुपये की फीस ऑनलाइन जमा करके फॉर्म सबमिट करना होगा। आवेदन पूरा होने के बाद उम्मीदवार को फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लेना चाहिए।