Oppo लॉन्च करने वाला है एक और धांसू स्मार्टफोन, 8,000mAh बैटरी के साथ मिलेंगे ये फीचर्स
स्मार्टफोन मार्केट में Oppo एक और नया 5G फोन उतारने की तैयारी में है। कंपनी ने Oppo K14 Plus 5G की भारत में लॉन्च डेट का ऐलान कर दिया है। यह फोन 29 सितंबर को दोपहर 12 बजे लॉन्च होगा। लॉन्च से पहले ही कंपनी ने इसके डिस्प्ले, प्रोसेसर, बैटरी और कैमरा समेत कई अहम फीचर्स से पर्दा उठा दिया है। फोन की बिक्री Flipkart के जरिए की जाएगी।
144Hz AMOLED डिस्प्ले के साथ दमदार परफॉर्मेंस
Oppo K14 Plus 5G में 1.5K रेजोल्यूशन वाला AMOLED डिस्प्ले मिलेगा, जो 144Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करेगा। इससे फोन पर स्क्रॉलिंग और गेमिंग का अनुभव ज्यादा स्मूद रहने की उम्मीद है। कंपनी के मुताबिक, स्क्रीन की पीक ब्राइटनेस 3,600 निट्स तक होगी। परफॉर्मेंस के लिए फोन में MediaTek Dimensity 7360 Max चिपसेट दिया गया है। Oppo का दावा है कि यह स्मार्टफोन AnTuTu बेंचमार्क पर 10 लाख से ज्यादा का स्कोर हासिल कर सकता है।
8,000mAh बैटरी से मिलेगा लंबा बैकअप
फोन की सबसे बड़ी खासियतों में इसकी 8,000mAh की बैटरी शामिल है। बड़ी बैटरी के साथ लंबे समय तक इस्तेमाल का दावा किया जा रहा है। फोन को गर्म होने से बचाने के लिए इसमें 5,000 स्क्वायर किमी VC कूलिंग सिस्टम दिया जाएगा। इसके अलावा कंपनी 6-Year Smoothness Protection और Damage Proof 360 Armour Body जैसे फीचर्स भी दे रही है, जिससे फोन की मजबूती और लंबे समय तक बेहतर परफॉर्मेंस पर जोर दिया गया है।
50MP कैमरा और OIS से लैस होगा फोन
फोटोग्राफी के लिए Oppo K14 Plus 5G में 50 मेगापिक्सल का रियर कैमरा दिया जाएगा। कैमरे में OIS सपोर्ट मिलेगा, जबकि वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए 4K का विकल्प भी मौजूद होगा। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 16 मेगापिक्सल का Sony IMX480 फ्रंट कैमरा दिया जाएगा। यानी कैमरा सेटअप में कंपनी ने स्टेबिलाइजेशन और वीडियो रिकॉर्डिंग पर भी खास ध्यान दिया है।
IP69K रेटिंग और AI फीचर्स भी मिलेंगे
Oppo K14 Plus 5G को IP69K रेटिंग के साथ पेश किया जाएगा, जो धूल और पानी से सुरक्षा के लिहाज से अहम है। फोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर, ColorOS और नए AI फीचर्स मिलेंगे। इसके अलावा डुअल स्टीरियो स्पीकर और Ultra Volume मोड भी दिया जाएगा। कंपनी ने फिलहाल फोन को ऑरेंज और व्हाइट कलर में टीज किया है, हालांकि इन रंगों के आधिकारिक नाम अभी सामने नहीं आए हैं। कीमत और बिक्री से जुड़ी बाकी जानकारी 29 सितंबर के लॉन्च के दौरान सामने आने की उम्मीद है।