एक मैच के मिलेंगे 4.85 करोड़! Team India के नए स्पॉन्सर से BCCI की बल्ले-बल्ले
भारत में होने वाले अगले दो घरेलू क्रिकेट सीजन में टीम इंडिया के साथ एक नया नाम जुड़ने जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Muthoot Fincorp ने भारतीय क्रिकेट के टाइटल स्पॉन्सरशिप राइट्स हासिल कर लिए हैं। यह डील मार्च 2028 तक चलने की बात सामने आई है और इसकी शुरुआत वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से होगी।
4.85 करोड़ रुपये प्रति मैच की बेस प्राइस
Cricbuzz की रिपोर्ट के अनुसार, टाइटल स्पॉन्सरशिप के लिए 4.85 करोड़ रुपये प्रति मैच की बेस प्राइस पर बातचीत हुई है। हालांकि, अंतिम रकम इससे कम हो सकती है और इस बारे में तस्वीर आधिकारिक घोषणा के बाद ही पूरी तरह साफ होगी। इससे पहले IDFC First Bank टीम इंडिया का टाइटल स्पॉन्सर था और वह प्रति मैच 4.2 करोड़ रुपये का भुगतान कर रहा था।
35 घरेलू इंटरनेशनल मैचों पर रहेगा अधिकार
रिपोर्ट के मुताबिक, Muthoot Fincorp के टाइटल राइट्स के दायरे में भारत में होने वाले अंतरराष्ट्रीय और घरेलू मुकाबले शामिल होंगे। मार्च 2028 तक इस करार के तहत करीब 35 घरेलू अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाने हैं, जिनमें 10 टेस्ट, 12 वनडे और 13 टी20 इंटरनेशनल शामिल हैं। BCCI ने इससे पहले वेस्टइंडीज सीरीज से शुरू होने वाले 2026-27 घरेलू सीजन का कार्यक्रम भी जारी किया था।
13 अगस्त तक नहीं मिली थी प्रतिस्पर्धी बोली
Cricbuzz के अनुसार, BCCI के Invitation to Tender में बोली जमा करने की अंतिम तारीख 13 अगस्त थी, लेकिन कोई प्रतिस्पर्धी बोलीदाता सामने नहीं आया। इसके बाद बोर्ड ने संभावित पार्टियों के साथ बातचीत का रास्ता अपनाया। रिपोर्ट में ज्यादा बेस प्राइस को भी कम दिलचस्पी की एक वजह बताया गया है। वहीं, BCCI ने सितंबर में Campa, SBI Life और ChatGPT को दो सीजन के लिए Associate Partners घोषित किया था।
केरल से शुरू होगा नया स्पॉन्सरशिप चैप्टर
Muthoot Fincorp की टाइटल स्पॉन्सरशिप की शुरुआत वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से होगी। BCCI के कार्यक्रम के मुताबिक पहला मुकाबला 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। भारत की घोषित वनडे टीम में विराट कोहली और रोहित शर्मा भी शामिल हैं, जिससे इस मुकाबले को लेकर फैंस की दिलचस्पी और बढ़ गई है।