यूपी के बिजली उपभोक्ताओं की बल्ले-बल्ले, अक्टूबर में 5.24% कम होगा बोझ, जानिए वजह
यूपी पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने एफपीपीसीए यानी फ्यूल पावर परचेज कॉस्ट एडजस्टमेंट के तहत 5.24 फीसदी राहत देने का आदेश जारी किया है। इसका असर बिजली की प्रभावी दर पर पड़ेगा और उपभोक्ताओं को कुल करीब 424 करोड़ रुपये का लाभ मिलने की बात कही गई है। यानी अक्टूबर के बिल में एफपीपीसीए के कारण उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में कम भुगतान करना होगा।
लगातार चौथे महीने मिली एफपीपीसीए राहत
उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा के अनुसार, परिषद ने अक्टूबर में 5 फीसदी से अधिक एफपीपीसीए राहत मिलने की संभावना जताई थी, जो अब पावर कॉरपोरेशन के आदेश के बाद सही साबित हुई है। इससे पहले सितंबर में 7.93 फीसदी, अगस्त में 2.92 फीसदी और जुलाई में 4.43 फीसदी की राहत दी गई थी। अक्टूबर की राहत के साथ यह लगातार चौथा महीना है जब बिजली उपभोक्ताओं को एफपीपीसीए के जरिए लाभ मिला है।
उपभोक्ता परिषद की पैरवी के बाद राहत
उपभोक्ता परिषद के मुताबिक, एफपीपीसीए से जुड़े इस मामले को उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया था। परिषद का कहना है कि नियमानुसार गणना और लगातार पैरवी के बाद उपभोक्ताओं को यह लाभ मिल रहा है। परिषद आगे भी एफपीपीसीए की गणना और उसके तहत मिलने वाली राहत पर नजर रखेगी, ताकि बिजली उपभोक्ताओं को मिलने वाला वैधानिक लाभ समय पर सुनिश्चित किया जा सके।