जयपुर में दर्दनाक हादसा; खाई में गिरी कार, 4 लोगों की मौत से मचा हड़कंप, 2 गंभीर रूप से घायल
राजस्थान के जयपुर ग्रामीण इलाके में एक भीषण सड़क हादसे ने चार लोगों की जान ले ली, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मनोहरपुर-दौसा हाईवे पर रायसर के पास हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया। इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मनोहरपुर से दौसा जा रही थी कार
जानकारी के मुताबिक, कार मनोहरपुर से दौसा की ओर जा रही थी। इसी दौरान जमवारामगढ़ क्षेत्र में रायसर के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे खाई में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की। बचाव अभियान के दौरान करीब एक घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला जा सका।
चार लोगों की मौत, दो की हालत गंभीर
इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है। वहीं, घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार अनियंत्रित होने के पीछे क्या वजह थी।
राजस्थान में एक और सड़क हादसे में युवक की मौत
राजस्थान में इससे पहले गुरुवार शाम भी एक सड़क दुर्घटना में 22 वर्षीय युवक की जान चली गई थी। युवक दांतीवाड़ा से बाली की ओर जा रहा था, तभी पुल पर सामने से आ रहे ट्रोले की चपेट में आ गया। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।