पहले बेटी का घोंटा गला, फिर पति को सुनाई झूठी कहानी; पोस्टमार्टम ने खोला मां का राज
तेलंगाना से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर हुआ विवाद एक मासूम की जान पर भारी पड़ गया। यहां एक मां पर अपनी ही 14 साल की बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि बेटी के बार-बार फोन इस्तेमाल करने और मां की बात नहीं मानने को लेकर अक्सर घर में विवाद होता था। इस बार गुस्सा इतना बढ़ गया कि मां ने कथित तौर पर अपनी बेटी की जान ले ली। इतना ही नहीं, वारदात के बाद उसने मामले को आत्महत्या दिखाने की भी कोशिश की।
मोबाइल फोन को लेकर अक्सर होता था विवाद
यह पूरा मामला तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के कोथुर मंडल का है। जानकारी के मुताबिक, राजू और विजयलक्ष्मी अपने तीन बच्चों के साथ रहते हैं। उनकी 14 वर्षीय बड़ी बेटी नौवीं कक्षा में पढ़ती थी। मां विजयलक्ष्मी को बेटी का बार-बार मोबाइल फोन पर बात करना पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर वह कई बार उसे डांट चुकी थी। हालांकि, बेटी के व्यवहार में बदलाव नहीं आने से मां की नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही थी।
घर में अकेली मिली बेटी तो गुस्से में उठाया कदम
पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर को राजू और विजयलक्ष्मी काम के सिलसिले में घर से बाहर गए थे। शाम को विजयलक्ष्मी अकेले घर लौटीं तो उन्होंने देखा कि बेटी स्कूल जाने के बजाय घर पर मोबाइल फोन इस्तेमाल कर रही थी। इसी बात पर मां-बेटी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर विजयलक्ष्मी ने बेटी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पति को फोन कर सुनाई आत्महत्या की कहानी
बेटी की मौत के बाद आरोपी मां ने अपने पति राजू को फोन किया और बताया कि घर पहुंचने पर बेटी फांसी के फंदे पर लटकी मिली है। यह सुनकर पति तुरंत घर पहुंचा और बच्ची को अस्पताल लेकर गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में परिवार को लगा कि बच्ची ने आत्महत्या की है, लेकिन घटनास्थल और परिस्थितियों को लेकर पुलिस को कुछ संदेह हुआ।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज
मामले की जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि बच्ची की मौत गला घोंटने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने आत्महत्या की आशंका को दरकिनार करते हुए हत्या के एंगल से जांच शुरू की। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी और पूछताछ के आधार पर पुलिस का शक मां पर गहराता गया। शादनगर जोन की डीसीपी शिरीषा राघवेंद्र के मुताबिक, पूछताछ में विजयलक्ष्मी ने बेटी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।