दमदार परफॉर्मेंस से तहलका मचाएगी Google Pixel 11 Series, लॉन्च पहले डिटेल लीक, जानें क्या-क्या आया सामने
गूगल की अगली फ्लैगशिप Pixel 11 Series लॉन्च से पहले ही चर्चाओं में आ गई है। ताजा लीक के मुताबिक, कंपनी इस बार अपने नए स्मार्टफोन्स की कीमत में बढ़ोतरी कर सकती है, लेकिन इसके साथ यूजर्स को बड़ा अपग्रेड भी मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स का दावा है कि Pixel 11 सीरीज के सभी मॉडल 256GB स्टोरेज के बेस वेरिएंट के साथ आ सकते हैं, यानी इस बार 128GB विकल्प को पूरी तरह हटाया जा सकता है। अगर यह जानकारी सही साबित होती है तो ज्यादा स्टोरेज के बदले ग्राहकों को पहले से अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।
तीनों मॉडल की संभावित कीमत सामने आई
लीक साझा करने वाले टिप्स्टर रोलैंड क्वांट के अनुसार, यूनाइटेड किंगडम में Pixel 11 के 256GB मॉडल की कीमत 879 पाउंड हो सकती है। वहीं Pixel 11 Pro की शुरुआती कीमत 1,079 पाउंड और Pixel 11 Pro XL की कीमत 1,279 पाउंड रहने की उम्मीद जताई गई है। इन कीमतों की तुलना पिछली Pixel 10 Series से करें तो सभी मॉडल महंगे नजर आते हैं। माना जा रहा है कि कंपोनेंट्स की बढ़ती लागत और बड़े स्टोरेज विकल्प के कारण कंपनी इस बार कीमतों में इजाफा कर सकती है।
बैटरी में हल्का बदलाव, लेकिन प्रदर्शन पर नजर
कीमत और स्टोरेज के अलावा बैटरी को लेकर भी नई जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, Pixel 11 में 4,985mAh, Pixel 11 Pro में 4,850mAh और Pixel 11 Pro XL में 5,115mAh बैटरी मिल सकती है। कुछ मॉडल में बैटरी क्षमता पिछली जनरेशन की तुलना में मामूली कम बताई जा रही है। हालांकि, यह देखना दिलचस्प होगा कि नया हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर ऑप्टिमाइजेशन इस कमी की भरपाई कर पाते हैं या नहीं।
12 अगस्त के इवेंट में उठेगा पर्दा
गूगल 12 अगस्त को अपने Made by Google इवेंट का आयोजन करने जा रहा है, जहां Pixel 11 Series के साथ Pixel Watch 5 भी लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। इससे पहले भी यूरोप से आई कई रिपोर्ट्स में कीमत बढ़ने और 256GB बेस स्टोरेज मिलने का दावा किया जा चुका है। फिलहाल कंपनी ने आधिकारिक तौर पर किसी भी स्पेसिफिकेशन या कीमत की पुष्टि नहीं की है, लेकिन लगातार सामने आ रहे लीक संकेत दे रहे हैं कि इस बार गूगल अपनी फ्लैगशिप सीरीज को प्रीमियम सेगमेंट में और मजबूती से पेश करने की तैयारी में है।