बिहार पुलिस का गजब कारनामा! रूस में रहने वाले युवक पर भी FIR, वीडियो बनाकर बताया सच
बिहार में NEET पेपर लीक के विरोध प्रदर्शन के बाद दर्ज की गई FIR अब नए विवाद का कारण बन गई है। बहादुरगंज थाना में दर्ज मामले में नामजद एक युवक ने दावा किया है कि घटना के समय वह भारत में मौजूद ही नहीं था, बल्कि पिछले चार महीनों से रूस में रहकर काम कर रहा है। युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उसने खुद को निर्दोष बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, एक अन्य युवक ने भी परीक्षा में मौजूद होने का दावा कर पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं।
युवक ने रूस से जारी किया वीडियो
24 जुलाई को NEET पेपर लीक के विरोध में बहादुरगंज के LRP चौक पर प्रदर्शन के बाद बहादुरगंज थाना कांड संख्या 460/2026 दर्ज किया गया था। इस मामले में 68 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया, जबकि 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया। इसी FIR में अपना नाम शामिल होने का दावा करते हुए बहादुरगंज नगर पंचायत वार्ड संख्या-12 निवासी मोहम्मद सदाकत उर्फ सदाकत कोनेन राही ने रूस से वीडियो जारी किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि वह पिछले चार महीने से रूस में रह रहे हैं और घटना के समय भारत में मौजूद नहीं थे, इसलिए उनके खिलाफ दर्ज FIR की निष्पक्ष जांच कर नाम हटाया जाना चाहिए।
परीक्षा केंद्र में होने का दावा
मामले में एक और दावा लोचा पंचायत निवासी अदनान अमीनी की ओर से सामने आया है। उन्होंने अपना D.El.Ed परीक्षा का एडमिट कार्ड दिखाते हुए कहा कि घटना वाले दिन वह बहादुरगंज में प्रदर्शन में शामिल नहीं था, बल्कि करीब 20 किलोमीटर दूर किशनगंज गर्ल्स हाई स्कूल में परीक्षा दे रहा था। अदनान का कहना है कि परीक्षा केंद्र में कई CCTV कैमरे लगे थे और प्रशासन चाहे तो फुटेज की जांच कर उसकी मौजूदगी की पुष्टि कर सकता है।
पुलिस ने बताया किन आधारों पर जोड़े गए नाम
इन दावों के सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। इस पर SDPO खुसरु सिराज ने कहा कि आरोपितों के नाम वायरल वीडियो, अंचल अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची, स्थानीय लोगों और चौकीदार से मिले इनपुट के आधार पर FIR में शामिल किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की जांच अभी जारी है और यदि जांच के दौरान नए तथ्य सामने आते हैं तो कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
SP बोले- शिकायत मिलने पर होगी नियमानुसार जांच
किशनगंज के पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने कहा कि उन्हें इस पूरे मामले की जानकारी मिली है। उन्होंने न तो युवक के दावों की पुष्टि की और न ही उनका खंडन किया। उनका कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को FIR में नाम शामिल किए जाने को लेकर शिकायत है तो वह पुलिस के समक्ष अपना पक्ष रख सकता है। शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार जांच की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर कानून एवं न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।