इमरान हाशमी के फैंस के लिए गुड न्यूज़, इस दिन रिलीज होगा ‘आवारापन 2’ का ट्रेलर, एक्टर ने खुद दिया अपडेट
साल 2007 में रिलीज हुई ‘आवारापन’ भले ही बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल नहीं कर पाई थी, लेकिन वक्त के साथ यह फिल्म इमरान हाशमी के करियर की सबसे पसंदीदा और कल्ट फिल्मों में शामिल हो गई. अब करीब दो दशक बाद इस कहानी का नया चैप्टर ‘आवारापन 2’ के रूप में दर्शकों के सामने आने जा रहा है. फिल्म को लेकर लंबे समय से उत्साह बना हुआ है और अब खुद इमरान हाशमी ने ट्रेलर रिलीज की तारीख का खुलासा कर फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है.
इमरान हाशमी ने लाइव आकर दी जानकारी
विशेष फिल्म्स के आधिकारिक इंस्टाग्राम लाइव सेशन के दौरान इमरान हाशमी और दिशा पाटनी ने फैंस से बातचीत की. इसी दौरान जब उनसे ‘आवारापन 2’ के ट्रेलर को लेकर सवाल पूछा गया तो इमरान ने बताया कि फिल्म का ट्रेलर 6 अगस्त को रिलीज किया जाएगा. हालांकि ट्रेलर किस समय लॉन्च होगा, इसकी जानकारी फिलहाल साझा नहीं की गई है. फिल्म का टीजर पहले ही दर्शकों के बीच चर्चा बटोर चुका है और अब मेकर्स ट्रेलर के जरिए रिलीज से पहले माहौल बनाने की तैयारी में हैं.
दिशा पाटनी होंगी फीमेल लीड
आवारापन 2′ में इमरान हाशमी एक बार फिर अपने चर्चित किरदार शिवम पंडित के रूप में नजर आएंगे. पहले भाग में उनके साथ श्रिया सरण मुख्य भूमिका में थीं, लेकिन कहानी में उनके किरदार का अंत हो गया था. यही वजह है कि सीक्वल में नई कहानी के साथ दिशा पाटनी को फीमेल लीड के तौर पर शामिल किया गया है. वहीं, फिल्म में शबाना आजमी एक दमदार निगेटिव किरदार निभाती दिखाई देंगी, जिससे कहानी में नया रोमांच जुड़ने की उम्मीद है.
कब रिलीज होगी फिल्म?
ट्रेलर रिलीज के ठीक एक सप्ताह बाद 14 अगस्त को ‘आवारापन 2’ सिनेमाघरों में दस्तक देगी. दिलचस्प बात यह है कि इसी दिन सनी देओल और प्रीति जिंटा की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ भी रिलीज होने जा रही है, जिसे आमिर खान ने प्रोड्यूस किया है. ऐसे में स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर दोनों बड़ी फिल्मों के बीच कड़ी बॉक्स ऑफिस टक्कर देखने को मिल सकती है. अब सभी की नजरें 6 अगस्त को आने वाले ट्रेलर और उसके बाद दर्शकों की पहली प्रतिक्रिया पर टिकी हुई हैं.