Tamil Nadu Budget 2026: विजय सरकार महिलाओं को देगी सोने का सिक्का, युवाओं के लिए भी किया बड़ा ऐलान
तमिलनाडु की टीवीके सरकार ने अपने पहले बजट में महिलाओं, युवाओं और अल्पसंख्यक समुदाय के लिए कई अहम घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के चुनावी वादों को अमलीजामा पहनाते हुए सरकार ने शादी के अवसर पर महिलाओं को 8 ग्राम सोने का सिक्का देने की योजना के लिए बजट में प्रावधान किया है। इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्किल्स, खेल और शिक्षा पर भी सरकार ने खास जोर दिया है।
महिलाओं के लिए गोल्ड कॉइन और सिल्क साड़ी योजना
वित्त मंत्री डॉ. एन. मैरी विल्सन ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए बताया कि ‘ब्रदर्स गिफ्ट स्कीम’ के तहत महिलाओं को 8 ग्राम का सोने का सिक्का देने की योजना लागू की जाएगी। इसके अलावा सिल्क साड़ी योजना के लिए 812 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है। यह घोषणा मुख्यमंत्री विजय के विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए प्रमुख वादों में शामिल थी, जिसे अब सरकार ने बजट का हिस्सा बना दिया है।
हज सब्सिडी में बढ़ोतरी, अल्पसंख्यकों के लिए विशेष प्रावधान
बजट में पहली बार हज यात्रा पर जाने वाले लोगों के लिए सब्सिडी 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 35 हजार रुपये करने का ऐलान किया गया है। इसके साथ ही ईसाई और मुस्लिम महिला कल्याण संघों की सहायता के लिए 1.05 करोड़ रुपये और पांच ईसाई एवं मुस्लिम कब्रिस्तानों के विकास के लिए 34 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। सरकार का कहना है कि सामाजिक कल्याण योजनाओं को और मजबूत बनाने के लिए यह कदम उठाए गए हैं।
NEET पर फिर उठी पुरानी मांग
वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को समाप्त करने की मांग दोहराई। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए 12वीं कक्षा के अंकों के आधार पर दाखिले की पुरानी व्यवस्था फिर से लागू की जाए। सरकार का मानना है कि इससे राज्य के छात्रों को अधिक अवसर मिल सकेंगे।
AI स्किल्स और ओलंपिक मिशन पर सरकार का फोकस
तमिलनाडु सरकार ने तकनीकी शिक्षा और खेलों को बढ़ावा देने के लिए भी कई घोषणाएं की हैं। बजट में राज्यभर में 10 ओलंपिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने के लिए 5.50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं वर्ष 2031 तक इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक और आईटीआई संस्थानों में पढ़ने वाले 5 लाख छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्किल्स की ट्रेनिंग देने की योजना भी पेश की गई है।
वित्तीय सुधारों का भी किया दावा
बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री डॉ. एन. मैरी विल्सन ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने टेंडर प्रक्रिया में कथित कमीशनखोरी की व्यवस्था को खत्म करने की दिशा में कदम उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार वित्तीय संकट से राज्य को बाहर निकालने के लिए सुधारात्मक फैसले ले रही है और विकास के साथ पारदर्शिता को भी प्राथमिकता दी जा रही है।