बड़ी बैटरी, दमदार चिप और 50MP कैमरा… Moto G Max भारत में लॉन्च, जानें कीमत और फीचर्स
मोटोरोला ने भारतीय बाजार में अपनी जी-सीरीज का नया स्मार्टफोन मोटो जी मैक्स लॉन्च कर दिया है। बड़ी बैटरी, तेज रिफ्रेश रेट वाली स्क्रीन और नए स्नैपड्रैगन प्रोसेसर के साथ कंपनी ने इसे ऐसे यूजर्स को ध्यान में रखकर पेश किया है, जो लंबे बैकअप के साथ दमदार परफॉर्मेंस चाहते हैं। फोन की कीमत 27,999 रुपये रखी गई है और यह एंड्रॉयड 16 पर आधारित हेलो यूआई के साथ आता है।
27,999 रुपये में आया मोटो जी मैक्स
मोटो जी मैक्स को 6GB रैम और 128GB स्टोरेज के एकमात्र वेरिएंट में उतारा गया है। फोन पैंटोन अलास्कन ब्लू, पैंटोन मलागा और पैंटोन स्टारगेजर रंगों में मिलेगा। इसकी बिक्री 20 अगस्त को दोपहर 12 बजे से फ्लिपकार्ट पर शुरू होगी। लॉन्च ऑफर के तहत एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से खरीदारी करने पर 1,000 रुपये का तत्काल डिस्काउंट और 1,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस दिया जाएगा।
120Hz स्क्रीन के साथ स्नैपड्रैगन प्रोसेसर
फोन में 6.72 इंच का फुल-एचडी+ एलसीडी डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजोल्यूशन 1,080×2,400 पिक्सल है। इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट, 120Hz टच सैंपलिंग रेट और 1,050 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलती है। स्क्रीन की सुरक्षा के लिए कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 7आई मौजूद है। परफॉर्मेंस के लिए 4nm स्नैपड्रैगन 6एस जेन 4 चिपसेट के साथ 6GB एलपीडीडीआर5एक्स रैम और 128GB यूएफएस 3.1 स्टोरेज दी गई है। रैम बूस्ट फीचर से वर्चुअल रैम को 24GB तक बढ़ाया जा सकता है।
50MP कैमरा और 32MP सेल्फी सेंसर
फोटोग्राफी के लिए मोटो जी मैक्स में 50 मेगापिक्सल का सोनी एलवाईटीआईए 600 मुख्य कैमरा दिया गया है, जो एफ/1.8 अपर्चर के साथ आता है। इसके साथ 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलता है, जिसका फील्ड ऑफ व्यू 119.5 डिग्री है। वहीं वीडियो कॉल और सेल्फी के लिए फोन में 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। डिवाइस में साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर और फेस अनलॉक की सुविधा भी है।
7000mAh बैटरी सबसे बड़ा आकर्षण
मोटो जी मैक्स की सबसे खास बात इसकी 7,000mAh की बड़ी बैटरी है। यह 30W टर्बोपावर चार्जिंग को सपोर्ट करती है और कंपनी का दावा है कि एक बार चार्ज करने पर फोन 63 घंटे तक चल सकता है। डिवाइस एंड्रॉयड 16 आधारित हेलो यूआई पर चलता है और इसमें दो एंड्रॉयड ओएस अपग्रेड तथा तीन साल के सिक्योरिटी अपडेट मिलने का वादा किया गया है। कनेक्टिविटी के लिए डुअल सिम 5G, 4G एलटीई, वाई-फाई 5, ब्लूटूथ 5.1, जीपीएस, 3.5mm हेडफोन जैक और यूएसबी टाइप-सी पोर्ट मौजूद हैं। फोन को धूल और पानी से बचाव के लिए आईपी64 रेटिंग भी मिली है।