PM मोदी का 13वां संबोधन, पहली बार गूंजेगा वंदे मातरम… 80वें स्वतंत्रता दिवस पर क्या-क्या होगा खास
तिरंगे की शान, राष्ट्रगान की गूंज और देशभक्ति से सराबोर वातावरण के बीच भारत आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। राष्ट्रीय समारोह का मुख्य केंद्र दिल्ली का लाल किला होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तिरंगा फहराएंगे और देशवासियों को संबोधित करेंगे। लाल किले की प्राचीर से यह उनका 13वां स्वतंत्रता दिवस संबोधन होगा। इस बार समारोह में आजादी की विरासत के साथ 2047 तक विकसित भारत के संकल्प और युवा शक्ति की आकांक्षाओं को भी खास जगह दी गई है।
150 साल पुरानी परंपरा को मिलेगा नया स्वर
इस बार लाल किले का स्वतंत्रता दिवस समारोह एक ऐतिहासिक वजह से भी खास होने जा रहा है। पहली बार प्राचीर पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन होगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह आयोजन राष्ट्रगीत की करीब 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को समर्पित है। देशभर में भी राज्यों की राजधानियों से लेकर छोटे शहरों और कस्बों तक ध्वजारोहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे आजादी का यह पर्व जन-जन तक पहुंच रहा है।
सलामी गारद से तिरंगे तक खास होगा हर पल
लाल किला पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह करेंगे। दिल्ली क्षेत्र के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल राजेश सेठी उन्हें सलामी मंच तक लेकर जाएंगे, जहां थल सेना, नौसेना, वायु सेना और दिल्ली पुलिस का संयुक्त दल सलामी देगा। प्रधानमंत्री सलामी गारद का निरीक्षण करने के बाद प्राचीर पर पहुंचेंगे। कैप्टन सोनिया सिंह चौहान की सहायता से तिरंगा फहराया जाएगा और उसी समय 1721 फील्ड बैटरी 21 तोपों की सलामी देगी।
तिरंगे के साथ आसमान में होगी पुष्पवर्षा
ध्वजारोहण के दौरान सेना का बैंड ‘वंदे मातरम्’ की धुन बजाएगा और लाल किले पर मौजूद लोग सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन करेंगे। इसके बाद राष्ट्रगान होगा। इसी दौरान भारतीय वायु सेना के दो एमआई-17 हेलीकॉप्टर समारोह स्थल पर पुष्पवर्षा करेंगे। इनमें एक हेलीकॉप्टर राष्ट्रीय ध्वज और दूसरा ‘वंदे मातरम्’ अंकित ध्वज लेकर उड़ान भरेगा, जिससे समारोह का दृश्य और भी भव्य हो जाएगा।
5 हजार विशेष अतिथि होंगे ऐतिहासिक पल के साक्षी
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद एनसीसी कैडेट और ‘मेरा भारत’ के स्वयंसेवक एक बार फिर ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन करेंगे। समारोह में देश के अलग-अलग हिस्सों से करीब 5,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। लाल किले पर कार्यक्रम की फुल-ड्रेस रिहर्सल भी पूरी हो चुकी है। ऐसे में 80वें स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन देश की गौरवशाली विरासत, सैन्य परंपरा, युवा ऊर्जा और विकसित भारत के संकल्प को एक साथ मंच देने वाला यादगार समारोह बनने जा रहा है।