Independence Day 2026: PM मोदी ने फहराया तिरंगा, लाल किले पर पहली बार गूंजा ‘वंदे मातरम’
देश आज अपनी आजादी की 80वीं वर्षगांठ को गर्व, उल्लास और देशभक्ति के जज्बे के साथ मना रहा है। दिल्ली का लाल किला इस ऐतिहासिक अवसर का मुख्य केंद्र बना हुआ है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह की अगुवाई की। इससे पहले पीएम मोदी राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के महान नायकों के बलिदान को नमन किया। इस बार का समारोह इसलिए भी खास रहा क्योंकि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का अवसर भी इसी साल आया है।
पीएम मोदी ने 13वीं बार तिरंगा फहराया
राजघाट पर बापू को श्रद्धांजलि देने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले पहुंचे और प्राचीर से लगातार 13वीं बार तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के साथ 1721 फील्ड बैटरी की सेरेमोनियल यूनिट ने स्वदेशी 105 मिमी लाइट फील्ड गन से 21 तोपों की सलामी दी। इस सैन्य सलामी की कमान मेजर पवन सिंह शेखावत ने संभाली। वहीं, भारतीय वायु सेना के दो एमआई-17 हेलीकॉप्टरों ने समारोह स्थल पर पुष्पवर्षा कर इस भव्य आयोजन में आसमान से देशभक्ति के रंग भर दिए।
150 साल पुराने ‘वंदे मातरम्’ ने रचा इतिहास
इस स्वतंत्रता दिवस समारोह का सबसे भावुक और ऐतिहासिक क्षण तब आया, जब लाल किले की प्राचीर से पहली बार ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन हुआ। लाल किले के सामने ज्ञानपथ पर राष्ट्रगीत की आकृति भी तैयार की गई, जिसमें सेना, नौसेना और वायुसेना के कैडेटों के साथ ‘मेरा भारत’ के स्वयंसेवकों समेत करीब 2,500 युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया। 150 साल पुरानी इस राष्ट्रभावना से जुड़ी विरासत ने पूरे समारोह को एक अलग ऐतिहासिक पहचान दी और आजादी के संघर्ष की स्मृतियों को वर्तमान पीढ़ी से जोड़ दिया।
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की थीम ‘विकसित भारत@2047 के लिए युवा शक्ति’ और ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’ रखी गई है। यानी समारोह में देश के गौरवशाली अतीत के साथ आने वाले भारत की तस्वीर भी दिखाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में भी इस ऐतिहासिक पल का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी के बाद पहली बार लाल किले पर ‘वंदे मातरम्’ गूंज रहा है। तिरंगे की शान, सैन्य परंपरा, युवाओं की भागीदारी और राष्ट्रगीत की गूंज ने 80वें स्वतंत्रता दिवस को देश के इतिहास में एक यादगार अध्याय बना दिया।