वाराणसी एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान चली गोली, दो लोग घायल, मचा हड़कंप
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियारों की जांच के दौरान अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। घटना में दो लोग घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए लक्ष्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
लाइसेंसी पिस्टल की जांच के दौरान हादसा
पुलिस के मुताबिक, आजमगढ़ निवासी कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX1810 से वाराणसी से मुंबई जा रहे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल थी। सुबह करीब 9:30 बजे चेकिंग के दौरान पिस्टल और कारतूसों की गिनती की जा रही थी, तभी अचानक पिस्टल से गोली चल गई। गोली चेकिंग कर रही महिला के पैर में जा लगी, जबकि पास खड़े एक अन्य व्यक्ति के अंगूठे में भी चोट आई।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, गोमती जोन की पुलिस उपायुक्त और पिंडरा के सहायक पुलिस आयुक्त समेत कई अधिकारी एयरपोर्ट पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और घायलों को अस्पताल भेजा। मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और गोली किन परिस्थितियों में चली, इसकी जांच की जा रही है।