Awarapan 2 Collection: दूसरे संडे भी नहीं थमी ‘आवारापन 2’ की रफ्तार, बॉक्स ऑफिस पर कर रही ताबड़तोड़ कमाई
इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार अपनी पकड़ मजबूत करती जा रही है। 14 अगस्त को इंडिपेंडेंस डे वीकेंड पर रिलीज हुई नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी इस रोमांटिक एक्शन थ्रिलर को भले ही मिले-जुले रिव्यू मिले हों, लेकिन दर्शकों का प्यार फिल्म की कमाई में साफ नजर आ रहा है। पहले ही इमरान हाशमी के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी ‘आवारापन 2’ अब दूसरे हफ्ते में भी मजबूती से आगे बढ़ रही है।
दूसरे संडे को भी नहीं थमी रफ्तार
फिल्म ने रिलीज के पहले आठ दिनों में भारत में 119.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था, जबकि इसकी वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई 169.51 करोड़ रुपये पहुंच चुकी थी। दूसरे शुक्रवार को फिल्म ने 5.75 करोड़ रुपये कमाए। इसके बाद शनिवार को कमाई में करीब 43 फीसदी का उछाल आया और फिल्म ने 8.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। अब सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे रविवार यानी 10वें दिन फिल्म ने भारत में 8.75 करोड़ रुपये कमाए हैं।
10 दिनों में 136 करोड़ के पार पहुंची फिल्म
‘आवारापन 2’ की इस कमाई के साथ भारत में 10 दिनों का कुल नेट कलेक्शन 136.25 करोड़ रुपये हो गया है। खास बात यह है कि फिल्म दूसरे हफ्ते में भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब हो रही है। लगातार मजबूत प्रदर्शन को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई का आंकड़ा और तेजी से बढ़ सकता है।
टॉप 100 हिंदी फिल्मों में बनाई जगह
136 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई के साथ ‘आवारापन 2’ ने सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 100 हिंदी फिल्मों की लिस्ट में भी जगह बना ली है। फिल्म ने अक्षय कुमार की ‘रुस्तम’, ‘एयरलिफ्ट’, ‘राउडी राठौर’, ‘स्काई फोर्स’ और ‘टॉयलेट एक प्रेम कथा’ जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। इसके अलावा ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’, ‘स्त्री’ और ‘सिकंदर’ भी अब इसकी कमाई से पीछे हैं।
फ्लॉप फिल्म के सीक्वल ने रचा नया इतिहास
‘आवारापन 2’ साल 2007 में आई ‘आवारापन’ का सीक्वल है। पहली फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं कर पाई थी, लेकिन समय के साथ इसे दर्शकों ने खूब पसंद किया और यह कल्ट क्लासिक बन गई। ऐसे में इसके सीक्वल का बॉक्स ऑफिस पर सफल होना खास मायने रखता है। फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी, शबाना आजमी और पूरन गब्बी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।