पटना में छात्रों का हल्लाबोल, CM आवास की तरफ कर रहे कूच, पुलिस से हुई झड़प, जानिए क्या हैं मांगें
पटना में मंगलवार को 70वीं BPSC परीक्षा समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आंदोलन उग्र हो गया। गांधी मैदान से राजभवन और मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प हो गई। छात्रों ने रास्ते में लगाए गए बैरिकेड्स तोड़ दिए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। प्रदर्शनकारी छात्र लगातार अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ते रहे।
राजभवन जाने से पुलिस ने रोका
प्रदर्शनकारी छात्रों को पुलिस राजभवन की ओर जाने से रोक रही है, लेकिन छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। इस बीच पुलिस और छात्रों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। डीएसपी कामाख्या नारायण सिंह ने कहा कि छात्रों को प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अधिकारियों के साथ छात्रों की बातचीत सकारात्मक रही है और उम्मीद है कि छात्र आंदोलन समाप्त करने पर सहमत होंगे।
70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने की मांग
छात्रों की प्रमुख मांग 70वीं BPSC परीक्षा को रद्द करने की है। इसके अलावा वे TRE-4 शिक्षक भर्ती में एक ही परीक्षा कराने, पीटी-मेंस की व्यवस्था और निगेटिव मार्किंग को हटाने की मांग कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि नए प्रयोग TRE-5 से लागू किए जाएं। साथ ही BPSC, दारोगा समेत सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई जा रही है।
डोमिसाइल और उम्र सीमा में छूट की मांग
प्रदर्शनकारी छात्र डोमिसाइल नीति लागू करने और सरकारी भर्तियों में उम्र सीमा बढ़ाने की मांग भी कर रहे हैं। उनका कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी नियुक्तियों की प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए। इन मुद्दों को लेकर छात्र पिछले कई दिनों से गर्दनीबाग में धरने पर बैठे हैं और अब उन्होंने सरकार पर दबाव बनाने के लिए मुख्यमंत्री आवास घेराव का ऐलान किया है।
आश्वासन के बाद भी जारी है प्रदर्शन
सरकार की ओर से छात्रों की कई मांगों पर सकारात्मक बातचीत और आश्वासन दिए जाने के बावजूद आंदोलनकारी छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। मंगलवार को बड़ी संख्या में छात्र पटना की सड़कों पर उतर आए। पुलिस उन्हें प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने से रोक रही है, जबकि छात्र अपनी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़े हैं। बैरिकेडिंग तोड़े जाने के बाद हुई झड़प ने प्रदर्शन को और तनावपूर्ण बना दिया है।