Toxic Advance Booking: रिलीज से पहले ही ‘टॉक्सिक’ का तूफान, यश की फिल्म ने एडवांस बुकिंग में मचाया तहलका
यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक’ रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका करती नजर आ रही है। फिल्म की एडवांस बुकिंग को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है और टिकट बिक्री के आंकड़े तेजी से बढ़ रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने अब तक 8 लाख से ज्यादा टिकट बेच दिए हैं और एडवांस बुकिंग से 40 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है। इन आंकड़ों ने फिल्म की ओपनिंग को लेकर उम्मीदें और भी बढ़ा दी हैं।
एडवांस बुकिंग में 40 करोड़ के पार कमाई
‘टॉक्सिक’ की एडवांस बुकिंग के आंकड़े बता रहे हैं कि यश को लेकर फैंस के बीच किस तरह का क्रेज है। फिल्म ने करीब 8.84 लाख टिकट बेचकर बिना ब्लॉक सीटों के लगभग 31.55 करोड़ रुपये की कमाई की है। वहीं ब्लॉक सीटों को शामिल करने के बाद यह आंकड़ा करीब 40.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। खास बात यह है कि फिल्म को कन्नड़ के साथ-साथ हिंदी मार्केट में भी शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है।
हिंदी बेल्ट में भी दिखा जबरदस्त क्रेज
कर्नाटक में फिल्म की पकड़ सबसे मजबूत नजर आ रही है, जहां कन्नड़ वर्जन की एडवांस बुकिंग से करीब 12.82 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। वहीं हिंदी वर्जन ने भी करीब 15.37 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। दिल्ली-एनसीआर और मुंबई जैसे बड़े बाजारों में भी फिल्म की एडवांस बुकिंग मजबूत है। ऐसे में साफ है कि ‘टॉक्सिक’ सिर्फ साउथ की ऑडियंस तक सीमित नहीं है, बल्कि हिंदी दर्शकों के बीच भी यश का अच्छा खासा क्रेज देखने को मिल रहा है।
100 करोड़ की ओपनिंग पर निगाहे
‘टॉक्सिक’ में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत जैसे कलाकार नजर आएंगे। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस एक्शन फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर बड़ी उम्मीदें हैं। एडवांस बुकिंग की रफ्तार को देखते हुए फिल्म के पहले दिन ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने की संभावना जताई जा रही है। अब देखना होगा कि रिलीज के बाद ‘टॉक्सिक’ बॉक्स ऑफिस पर कितनी बड़ी ओपनिंग हासिल करती है।