फरीदाबाद में खौफनाक साजिश! पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, घर के पास दफनाया शव
हरियाणा के फरीदाबाद से एक ऐसा हत्याकांड सामने आया है, जिसने पति-पत्नी के रिश्ते को झकझोर कर रख दिया। तिगांव थाना क्षेत्र के मोजाबाद गांव में 42 वर्षीय श्यामवीर की हत्या का खुलासा क्राइम ब्रांच DLF ने महज 24 घंटे में करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी केशव और उसके प्रेमी कामत को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने श्यामवीर की हत्या के बाद शव को घर के पास गड्ढा खोदकर मिट्टी में दफना दिया था। सहायक पुलिस आयुक्त अमन यादव ने बताया कि दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।
पति को भनक लगी तो रची हत्या की साजिश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कामत श्यामवीर के साथ मोजाबाद स्थित मकान में रहता था। इसी दौरान उसकी मृतक की पत्नी केशव से नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों के बीच संबंध बन गए। जब श्यामवीर को इसकी जानकारी हुई तो घर में विवाद बढ़ने लगा। पुलिस के मुताबिक, इसी तनाव के बीच दोनों ने श्यामवीर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 16 अगस्त की शाम कामत ने कथित तौर पर श्यामवीर को काफी शराब पिलाई, जिसके बाद वह पूरी तरह नशे में हो गया।
सिर पर टाइल से वार, फिर घर के पास दफनाया
पुलिस के अनुसार, श्यामवीर के नशे में होने के बाद कामत ने भारी इंटरलॉकिंग टाइल से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के दौरान केशव ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था, ताकि अंदर की आवाज बाहर न पहुंच सके। हत्या के बाद दोनों ने घर के पास गड्ढा खोदा और शव को उसमें डालकर मिट्टी से ढक दिया। इसके बाद कई दिनों तक इस वारदात का राज छिपा रहा।
24 अगस्त को खुला राज
24 अगस्त को फरीदाबाद कंट्रोल रूम में मोजाबाद में जमीन के अंदर शव दबे होने की सूचना मिली। सूचना पर तिगांव थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खुदाई कर शव बरामद किया। मृतक के भाई रामबीर की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी से पूछताछ की, जिसके बाद दोनों ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली। अब पुलिस दोनों को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी में है, ताकि वारदात में इस्तेमाल सामान और अन्य सबूत जुटाए जा सकें।