Google Account Security: कहीं दूसरे डिवाइस में तो लॉगिन नहीं है आपका अकाउंट? ऐसे करें तुरंत चेक
आज के समय में स्मार्टफोन और इंटरनेट हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं. ऐसे में Google Account सिर्फ Gmail चलाने का जरिया नहीं रह गया है. Google Drive, Photos, YouTube, Contacts समेत कई जरूरी सेवाओं का डेटा इसी अकाउंट से जुड़ा होता है. ऐसे में अगर आपका Google Account किसी पुराने फोन, लैपटॉप या दूसरे डिवाइस में लॉगिन रह गया है, तो आपकी निजी जानकारी के गलत इस्तेमाल का खतरा बढ़ सकता है.
एक जगह से देख सकते हैं सभी लॉगिन डिवाइस
Google अपने यूजर्स को ऐसी सुविधा देता है, जिसके जरिए वे आसानी से पता लगा सकते हैं कि उनका अकाउंट किन-किन डिवाइस पर इस्तेमाल हो रहा है. इसके लिए सबसे पहले स्मार्टफोन या कंप्यूटर में अपना Google Account खोलें और Manage your Google Account पर जाएं. इसके बाद Security सेक्शन में पहुंचें, जहां आपको Your devices या Manage all devices का विकल्प दिखाई देगा.
डिवाइस की पूरी जानकारी भी मिलेगी
Manage all devices पर क्लिक करते ही आपके सामने उन डिवाइस की लिस्ट आ जाएगी, जहां आपके Google Account का इस्तेमाल हुआ है. इस लिस्ट में मौजूदा और पुराने स्मार्टफोन के अलावा टैबलेट, कंप्यूटर या दूसरे डिवाइस भी शामिल हो सकते हैं. किसी डिवाइस पर क्लिक करके उससे जुड़ी अतिरिक्त जानकारी देखी जा सकती है, जिससे यह पता लगाने में मदद मिलती है कि वह डिवाइस आपका है या नहीं.
आखिरी एक्टिविटी देखकर करें पहचान
किसी अनजान डिवाइस को देखकर तुरंत घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि कई बार पुराने डिवाइस भी लिस्ट में दिखाई देते रहते हैं. डिवाइस की जानकारी में अकाउंट से जुड़ी गतिविधि, आखिरी इस्तेमाल का समय और कुछ मामलों में अनुमानित लोकेशन जैसी डिटेल मिल सकती है. इन जानकारियों को देखकर आप आसानी से पहचान सकते हैं कि संबंधित डिवाइस वास्तव में आपका है या नहीं.
अनजान डिवाइस दिखे तो ऐसे करें Sign Out
अगर डिवाइस लिस्ट में कोई ऐसा फोन, कंप्यूटर या टैबलेट दिखाई देता है जिसे आप पहचान नहीं पा रहे हैं, तो उसे नजरअंदाज न करें. संबंधित डिवाइस को खोलकर Sign out विकल्प चुनें. ऐसा करने पर आपका Google Account उस डिवाइस से साइन आउट हो जाएगा और वहां से अकाउंट की पहुंच हट जाएगी.
अकाउंट पर शक हो तो तुरंत बदलें पासवर्ड
अगर आपको लगता है कि किसी अनजान व्यक्ति ने आपके Google Account तक पहुंच बनाई है, तो डिवाइस से साइन आउट करने के साथ पासवर्ड बदलना भी जरूरी है. नया पासवर्ड मजबूत और यूनिक रखें. कोशिश करें कि यही पासवर्ड किसी दूसरे ऑनलाइन अकाउंट के लिए इस्तेमाल न किया गया हो, ताकि एक जगह पासवर्ड लीक होने पर बाकी अकाउंट भी खतरे में न पड़ें
.2-Step Verification को जरूर रखें ऑन
Google Account की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 2-Step Verification एक्टिव रखना भी बेहद जरूरी है. इस फीचर के बाद सिर्फ पासवर्ड के जरिए अकाउंट में लॉगिन करना पर्याप्त नहीं होता और अतिरिक्त वेरिफिकेशन की जरूरत पड़ती है. इससे किसी दूसरे व्यक्ति के लिए केवल पासवर्ड हासिल करके आपके अकाउंट में प्रवेश करना काफी मुश्किल हो जाता है.
समय-समय पर करें डिवाइस लिस्ट की जांच
डिजिटल सुरक्षा के लिए यह जरूरी है कि आप समय-समय पर अपने Google Account की डिवाइस लिस्ट चेक करते रहें. पुराने फोन या लैपटॉप जिनका अब इस्तेमाल नहीं करते, उन्हें अकाउंट से साइन आउट कर दें. वहीं, किसी अनजान डिवाइस की जानकारी सामने आने पर तुरंत Sign out करने के साथ पासवर्ड बदलें और 2-Step Verification ऑन रखें. ये छोटे कदम आपके निजी डेटा को सुरक्षित रखने में काफी मदद कर सकते हैं.