MP में सरकारी नौकरी का बड़ा मौका, 1,700 पदों पर निकली भर्ती, जानें कौन कर सकता है अप्लाई
मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे इंजीनियरिंग और डिप्लोमा पास युवाओं के लिए रोजगार का एक और मौका सामने आया है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने ग्रुप-3 संयुक्त भर्ती परीक्षा 2026 के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत सब इंजीनियर, ड्राफ्टमैन, तकनीशियन समेत विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। कुल 1,700 रिक्तियों को भरने के लिए आवेदन प्रक्रिया 29 अगस्त से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 12 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
1,700 पदों के लिए निकली भर्ती
MPESB की इस भर्ती में तकनीकी क्षेत्र से जुड़े कई पद शामिल किए गए हैं। उम्मीदवार 12 सितंबर तक आवेदन करने के साथ ही निर्धारित आवेदन शुल्क भी जमा कर सकेंगे। आवेदन फॉर्म में किसी तरह की गलती होने पर 17 सितंबर 2026 तक उसमें सुधार का मौका दिया जाएगा। ऐसे में उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले नोटिफिकेशन में दी गई सभी जानकारियों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी जाती है।
डिप्लोमा से लेकर BE/BTech वालों को मौका
ग्रुप-3 के अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है। संबंधित ट्रेड में तीन वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा या BE/BTech डिग्री रखने वाले उम्मीदवार कई पदों के लिए पात्र होंगे। वहीं कुछ पदों पर ITI या संबंधित विषय की योग्यता भी मांगी गई है। आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। मध्य प्रदेश के मूल निवासी SC, ST, OBC और सभी वर्ग की महिला उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट दी जाएगी।
200 अंकों की कंप्यूटर आधारित परीक्षा
उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा कुल 200 अंकों की होगी और इसे पूरा करने के लिए 3 घंटे का समय मिलेगा। प्रश्नपत्र में सामान्य ज्ञान, रीजनिंग, गणित, हिंदी, अंग्रेजी और कंप्यूटर के अलावा संबंधित इंजीनियरिंग विषय से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। इसलिए परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को सामान्य विषयों के साथ अपने तकनीकी विषय पर भी विशेष फोकस करना होगा।
आवेदन शुल्क और फॉर्म भरने का तरीका
सामान्य वर्ग और दूसरे राज्यों से आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को प्रति प्रश्न पत्र 500 रुपये शुल्क देना होगा। पोर्टल शुल्क जोड़ने के बाद यह रकम करीब 560 रुपये हो सकती है। वहीं मध्य प्रदेश के SC, ST, OBC और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए शुल्क 250 रुपये प्रति प्रश्न पत्र निर्धारित किया गया है। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को MPESB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ग्रुप-3 भर्ती लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद प्रोफाइल रजिस्ट्रेशन और e-KYC पूरा करके आवेदन फॉर्म भरना होगा, जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे और शुल्क जमा करना होगा।
आवेदन के बाद प्रिंटआउट जरूर रखें
फॉर्म सबमिट करने के बाद उम्मीदवारों को आवेदन की एक प्रति डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लेना चाहिए। भविष्य में परीक्षा या भर्ती प्रक्रिया से जुड़े किसी भी चरण में इसकी जरूरत पड़ सकती है। उम्मीदवार आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द फॉर्म भरें, ताकि आखिरी समय में वेबसाइट पर तकनीकी समस्या या किसी अन्य परेशानी का सामना न करना पड़े।