Rule Changes: LPG से लेकर कारों की कीमत तक… 1 सितंबर से बदलने जा रहा बहुत कुछ, आप पर क्या पड़ेगा असर?
सितंबर की शुरुआत आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई अहम बदलावों के साथ होने जा रही है। हर महीने की पहली तारीख को कुछ ऐसे नियम और कीमतें बदलती हैं, जिनका सीधा असर घर के बजट से लेकर सफर और खरीदारी तक पर पड़ता है। 1 सितंबर 2026 से भी एलपीजी, ईंधन, कारों की कीमत और एयरपोर्ट इमिग्रेशन से जुड़े कई बदलाव लागू होने वाले हैं। ऐसे में नए महीने की शुरुआत से पहले इन बदलावों के बारे में जानना आपके लिए जरूरी है।
LPG की कीमतों पर नजर
तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने के बाद एलपीजी की कीमतों में पहले बढ़ोतरी देखने को मिली थी। हालांकि, 1 अगस्त को 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 202 रुपये की बड़ी कटौती की गई थी, जबकि 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ था। अब 1 सितंबर को एक बार फिर नई कीमतों का ऐलान किया जाएगा।
CNG, PNG और ATF के दाम भी बदल सकते हैं
एलपीजी के अलावा तेल कंपनियां विमान ईंधन यानी एटीएफ के साथ-साथ सीएनजी और पीएनजी की कीमतों की भी समीक्षा करती हैं। ऐसे में 1 सितंबर को इन ईंधनों की कीमतों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। अगर दाम बढ़ते हैं तो इसका असर वाहन चलाने वालों के खर्च से लेकर घरेलू बजट और हवाई यात्रा की लागत तक पर पड़ सकता है।
LPG e-KYC की डेडलाइन बेहद अहम
घरेलू एलपीजी कनेक्शन के लिए ई-केवाईसी की अंतिम तारीख 31 अगस्त 2026 तय की गई है। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपना ई-केवाईसी पूरा नहीं किया है, उन्हें तुरंत प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए। ई-केवाईसी नहीं कराने पर 1 सितंबर से सिलेंडर की डिलीवरी में परेशानी आ सकती है। इसके अलावा पात्र उपभोक्ताओं को मिलने वाली एलपीजी सब्सिडी पर भी इसका असर पड़ने की बात कही गई है।
Tata और Hyundai की कारें होंगी महंगी
नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए भी सितंबर की शुरुआत महंगी हो सकती है। टाटा मोटर्स 1 सितंबर से अपने अलग-अलग मॉडल और वैरिएंट की कीमतों में अधिकतम 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी करने जा रही है। वहीं, हुंडई मोटर इंडिया अपनी पूरी कार रेंज की कीमतों में 1 प्रतिशत तक इजाफा करेगी। हुंडई की ओर से इस साल यह तीसरी कीमत बढ़ोतरी होगी, ऐसे में नई कार खरीदने वालों का बजट प्रभावित होना तय माना जा रहा है।
विदेश यात्रा में इमिग्रेशन होगा आसान
1 सितंबर से विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए एयरपोर्ट इमिग्रेशन प्रक्रिया में भी बदलाव देखने को मिलेगा। यात्रियों को इमिग्रेशन के दौरान बोर्डिंग पास पर अलग से स्टैम्प लगवाने की जरूरत नहीं होगी। डिजिटल बोर्डिंग पास या उसकी प्रिंटेड कॉपी दिखाकर प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। इस बदलाव से एयरपोर्ट पर यात्रियों का समय बचने और इमिग्रेशन प्रक्रिया पहले के मुकाबले आसान होने की उम्मीद है।