थिएटर के बाद OTT पर गर्दा उड़ाएगी ‘धमाल 4’, जानिए कब और कहां होगी स्ट्रीम
अजय देवगन और रितेश देशमुख स्टारर कॉमेडी-एडवेंचर फिल्म ‘धमाल 4’ ने सिनेमाघरों में दर्शकों का खूब मनोरंजन किया है। 10 जुलाई 2026 को रिलीज हुई यह फिल्म अब अपना थिएट्रिकल सफर पूरा कर चुकी है और जल्द ही दर्शकों के घर तक पहुंचने वाली है। ऐसे में जिन लोगों ने फिल्म को थिएटर में मिस कर दिया था, उनके लिए ओटीटी रिलीज से जुड़ा अपडेट सामने आया है।
‘धमाल 4’ ओटीटी पर कब आएगी?
‘धमाल 4’ की ओटीटी रिलीज डेट को लेकर 123 तेलुगू की रिपोर्ट में बड़ा दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की जा सकती है। फिल्म ने सिनेमाघरों में करीब आठ हफ्तों का सफर पूरा करने के बाद डिजिटल रिलीज की ओर कदम बढ़ाया है। हालांकि, अभी मेकर्स या नेटफ्लिक्स की ओर से इसकी ओटीटी रिलीज डेट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बॉक्स ऑफिस पर कैसा रहा प्रदर्शन?
थिएटर्स में ‘धमाल 4’ का प्रदर्शन भी काफी अच्छा रहा है। कोईमोई के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने भारत में करीब 177 करोड़ रुपये की नेट कमाई की है और यह 2026 की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है। साथ ही, यह ‘धमाल’ फ्रैंचाइजी की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। अब नजर इस बात पर होगी कि ओटीटी प्लेटफॉर्म पर फिल्म को दर्शकों से वैसा ही प्यार मिलता है या नहीं।
फिल्म की स्टारकास्ट में कौन-कौन?
‘धमाल 4’ का निर्देशन इंद्र कुमार ने किया है, जबकि फिल्म को इंद्र कुमार, अजय देवगन, भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, अशोक ठकेरिया, आनंद पंडित और कुमार मंगत पाठक ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में अजय देवगन के साथ रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, रवि किशन, संजय मिश्रा, उपेंद्र लिमये, अंजलि आनंद, संजीदा शेख, ईशा गुप्ता और विजय पाटकर अहम किरदारों में नजर आए हैं।