‘मिर्जापुर द मूवी’ का रिलीज से पहले जलवा, एडवांस बुकिंग में कर डाली छप्पर फाड़ कमाई
ओटीटी की दुनिया में तहलका मचा चुकी ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर अपना वही भौकाल दिखाने के लिए तैयार है। ‘मिर्जापुर द मूवी’ को लेकर फैंस के बीच पहले से ही जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है और शुरुआती आंकड़े भी मेकर्स के लिए उत्साह बढ़ाने वाले हैं। रिलीज से पहले ही फिल्म ने प्री-सेल में लाखों रुपये की कमाई कर ली है।
पहले दिन के लिए बिके इतने टिकट
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘मिर्जापुर द मूवी’ के हिंदी 2डी वर्जन के लिए देशभर में पहले दिन अब तक 23,813 टिकट बिक चुके हैं। इन टिकटों की बिक्री से फिल्म ने ब्लॉक सीटों को छोड़कर 78.89 लाख रुपये का कलेक्शन कर लिया है। वहीं, ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर प्री-सेल कलेक्शन बढ़कर 1.87 करोड़ रुपये पहुंच गया है। फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इससे पहले एडवांस बुकिंग के लिए अभी तीन दिन बाकी हैं।
1800 रुपये तक पहुंची टिकट की कीमत
‘मिर्जापुर द मूवी’ की टिकट कीमतें भी चर्चा में हैं। ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म्स पर अलग-अलग शहरों में टिकट 149 रुपये से लेकर 1,800 रुपये से ज्यादा तक में उपलब्ध हैं। मुंबई समेत कई शहरों में रेगुलर शो के टिकट करीब 149 से 500 रुपये के बीच हैं, जबकि प्रीमियम शो के लिए दर्शकों को काफी ज्यादा रकम चुकानी पड़ रही है। नोएडा के डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया में नाइट शो की टिकट कीमत 1,800 रुपये बताई जा रही है।
तीन घंटे से ज्यादा लंबी होगी फिल्म
फिल्म की लंबाई भी दर्शकों का ध्यान खींच रही है। ‘मिर्जापुर द मूवी’ को सीबीएफसी से ‘ए’ सर्टिफिकेट मिला है। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कुछ बदलाव भी किए हैं, जिनमें 35 सेकंड के इंटीमेट सीन के अलावा अपशब्दों और कुछ डायलॉग्स में बदलाव शामिल हैं। फिल्म का सर्टिफाइड रनटाइम करीब 197 मिनट 19 सेकंड है, यानी दर्शकों को तीन घंटे से ज्यादा लंबा सिनेमाई भौकाल देखने को मिलेगा।