अगस्त में टूटा 125 साल का रिकॉर्ड, 1901 के बाद रहा सबसे गर्म, मानसून पर छाया अल-नीनो का साया!
अगस्त में कमजोर रहा मानसून अब सितंबर में भी लोगों की चिंता बढ़ा सकता है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, इस महीने देश में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है, जबकि तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। ऐसे में मानसून की बेरुखी के साथ गर्मी का असर भी देखने को मिल सकता है।
अगस्त में बारिश कम, गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड
अगस्त में देशभर में कुल 213.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 16.3 फीसदी कम है। बारिश की कमी के बीच यह महीना गर्मी के लिहाज से भी बेहद असामान्य रहा। देश का औसत न्यूनतम तापमान 24.36 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो 1901 के बाद अगस्त का सबसे अधिक औसत न्यूनतम तापमान है। वहीं औसत तापमान 28.01 डिग्री सेल्सियस रहा, जो रिकॉर्ड में अब तक सबसे ज्यादा है।
सितंबर में भी कमजोर रह सकता है मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक सितंबर में देशभर में औसतन 91 फीसदी बारिश होने का अनुमान है। सितंबर की सामान्य बारिश 167.9 मिमी मानी जाती है, ऐसे में इस बार बारिश में करीब 9 फीसदी की कमी रह सकती है। देश के कई हिस्सों में सामान्य से कम बारिश की संभावना है, हालांकि उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व, पूर्व, पूर्व-मध्य भारत और दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। एक जून से 31 अगस्त तक पूरे मानसून सीजन में बारिश की कमी 13.8 फीसदी रही है।
अल-नीनो और बढ़ा सकता है चिंता
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के बाकी समय में अल-नीनो की स्थिति बने रहने की संभावना है। कुछ डायनेमिक मॉडल इसके मजबूत होने के संकेत भी दे रहे हैं। सितंबर में कम बारिश के साथ तापमान भी चिंता बढ़ा सकता है, क्योंकि देश के अधिकांश हिस्सों में औसत अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना जताई गई है। यानी सितंबर में मानसून की कमजोर चाल के साथ गर्म मौसम का दोहरा असर देखने को मिल सकता है।