‘मैं अपना उपवास…’, CJP प्रोटेस्ट के बीच सोनम वांगचुक ने कर दिया बड़ा ऐलान, जानें क्या कहा
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन और संसद मार्च के बीच सोनम वांगचुक ने साफ कर दिया है कि उनका अनशन फिलहाल समाप्त नहीं होगा। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक नया संदेश साझा करते हुए कहा कि वह अनशन जारी रखेंगे।
सोनम का संदेश- मैं अपना अनशन जारी रखूंगा
सोनम वांगचुक ने अपना पक्ष रखते हुए लिखा, कि मैं अपना अनशन जारी रखूंगा। शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे यूथ के साथ जिस तरह की बर्बरता बरती जा रही है, उसे देखते हुए मैंने अपना अनशन तबतक जारी रखने का फैसला किया है, जबतक युवा नेताओं को संसद भवन में सांसदों से मिलने की इजाजत नहीं मिल जाती।
वांगचुक- उम्मीद है सरकार शिक्षामंत्री की जवाबदेही तय करेगी
वांगुचक ने लिखे पत्र में कहा कि मुझे उनसे यहीं अस्पताल में मिलने की इजाजत है। उम्मीद है कि सरकार उससे पहले शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय करेगी। उकसावे के बावजूद युवाओं ने जिस तरह शांति बनाए रखी है। उससे मैं बहुत प्रभावित हुआ हूं. मैं सरकार और पुलिस बल से अपील करता हूं कि वे छात्रों को आज या कल संसद के सामने अपनी शिकायतें रखने की इजाजत देकर इस मुद्दे को सुलझाएं। मुझे यकीन है कि युवा प्रदर्शनकारी कल भी वैसा ही धैर्य और सहनशीलता दिखाएंगे जैसा उन्होंने आज दिखाया है।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों में टकराव
जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था की थी। बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा इंतजामों के बीच जब प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई। घटनास्थल से लाठीचार्ज की खबरें भी सामने आईं, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।