‘मिर्जापुर द मूवी’ का बॉक्स ऑफिस पर भौकाल, संडे की कमाई ने तोड़े कई फिल्मों के रिकॉर्ड
ओटीटी पर तहलका मचाने के बाद ‘मिर्जापुर’ की कहानी अब बड़े पर्दे पर भी दर्शकों के बीच अपना जलवा दिखा रही है. 4 सितंबर को रिलीज हुई ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की और वीकेंड के साथ इसकी कमाई का ग्राफ लगातार ऊपर जाता नजर आया. शनिवार के बाद रविवार की छुट्टी का फिल्म को जबरदस्त फायदा मिला और तीसरे दिन इसके कलेक्शन में एक बार फिर बड़ी उछाल देखने को मिली. ऐसे में अब फिल्म की नजर 100 करोड़ के आंकड़े पर टिक गई है.
तीसरे दिन ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने कितने कमाए?
‘मिर्जापुर द मूवी’ ने रिलीज के पहले दिन 25.50 करोड़ रुपये की कमाई के साथ बॉक्स ऑफिस पर अपना खाता खोला था. इसके बाद शनिवार को फिल्म ने रफ्तार पकड़ते हुए 32 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. वहीं सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार यानी रिलीज के तीसरे दिन फिल्म ने करीब 36 करोड़ रुपये की कमाई की है. इस तरह तीन दिनों में फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 93.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.
रविवार को भी दिखा ‘मिर्जापुर’ का भौकाल
फिल्म की लगातार बढ़ती कमाई से साफ है कि दर्शकों के बीच ‘मिर्जापुर द मूवी’ को लेकर जबरदस्त क्रेज बना हुआ है. कहानी, दमदार डायलॉग्स और कलाकारों की परफॉर्मेंस को मिल रही तारीफ का असर बॉक्स ऑफिस पर भी दिखाई दे रहा है. पहले दिन की मजबूत शुरुआत के बाद पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ ने वीकेंड में फिल्म की कमाई को और मजबूती दी. रविवार की छुट्टी ने सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई.
फर्स्ट संडे कलेक्शन में बनाया बड़ा रिकॉर्ड
रविवार की 36 करोड़ रुपये की कमाई के साथ ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में अपनी जगह बना ली है. फिल्म ने ‘आवारापन 2’ के 26.82 करोड़ और ‘धमाल 4’ के 28.4 करोड़ रुपये के फर्स्ट संडे कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है. हालांकि यह ‘बॉर्डर 2’ के 57.2 करोड़ और ‘धुरंधर 2’ के 121 करोड़ रुपये के रविवार के कलेक्शन से अभी काफी पीछे है. इस लिस्ट में ‘मिर्जापुर द मूवी’ फिलहाल तीसरे पायदान पर है.
साल के टॉप फर्स्ट संडे कलेक्शन
साल के सबसे ज्यादा फर्स्ट संडे कलेक्शन की बात करें तो ‘धुरंधर 2’ 121 करोड़ रुपये के साथ सबसे ऊपर है. इसके बाद ‘बॉर्डर 2’ ने 57.2 करोड़ रुपये की कमाई की है. तीसरे नंबर पर ‘मिर्जापुर द मूवी’ 36 करोड़ रुपये के साथ मौजूद है. इसके बाद ‘धमाल 4’ ने 28.4 करोड़, ‘आवारापन 2’ ने 26.82 करोड़, ‘भूत बंगला’ ने 25.6 करोड़, ‘वेलकम टू द जंगल’ ने 25.41 करोड़ और ‘कॉकटेल 2’ ने 18.85 करोड़ रुपये का फर्स्ट संडे कलेक्शन किया है.
दमदार स्टारकास्ट से सजी है फिल्म
गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी ‘मिर्जापुर द मूवी’ में रवि किशन, जितेंद्र कुमार, रसिका दुगल, शीबा चड्ढा, अभिषेक बनर्जी, श्रिया पिलगांवकर, श्वेता त्रिपाठी, हर्षिता गौर, सोनल चौहान, राजेश तैलंग, सुशांत सिंह, मोहित मलिक और कुलभूषण खरबंदा जैसे कलाकार अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं. फिल्म को इसकी कहानी और कलाकारों की परफॉर्मेंस के लिए दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है.
100 करोड़ क्लब के बेहद करीब ‘मिर्जापुर द मूवी’
अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट की पेशकश ‘मिर्जापुर द मूवी’ को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है. फिल्म 4 सितंबर को हिंदी और तेलुगु डब वर्जन में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. तीन दिनों में 93.75 करोड़ रुपये की नेट कमाई के साथ फिल्म अब 100 करोड़ क्लब में एंट्री से महज कुछ करोड़ दूर है. सोमवार को इसकी कमाई किस तरह रहती है, यह तय करेगा कि फिल्म कितनी जल्दी इस आंकड़े को पार करती है.