अमेरिका के मियामी एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, लैंडिंग के दौरान बेकाबू हुआ कार्गो प्लेन, 5 लोगों की मौत
अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। सैन जुआन, प्यूर्टो रिको से आया अमेजन का कार्गो विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे निकल गया और कई गाड़ियों से जा टकराया। टक्कर के बाद विमान में भीषण आग लग गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
विमान की टक्कर से मचा हड़कंप, कई लोग फंस
मियामी-डेड काउंटी अधिकारियों के मुताबिक हादसा स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब दो बजे हुआ। विमान के रनवे से आगे निकलने के बाद कई वाहनों से टक्कर हुई। दुर्घटना के बाद आसमान में घना काला धुआं दिखाई दिया और बड़ी संख्या में दमकल एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए। कुछ लोग क्षतिग्रस्त गाड़ियों के भीतर फंस गए थे, जबकि विमान के पायलट और को-पायलट भी कॉकपिट में फंसे रहे। बचाव टीमों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। एक व्यक्ति के वाहन के नीचे फंसे होने की भी जानकारी सामने आई।
60 से ज्यादा रेस्क्यू यूनिट्स ने संभाला मोर्चा
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मियामी-डेड फायर रेस्क्यू की 60 से अधिक यूनिट्स घटनास्थल पर पहुंचीं और बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार तीन घायलों की हालत गंभीर है, जबकि दो अन्य लोगों को अस्पताल ले जाया गया है और उनकी चोटें कम गंभीर बताई गई हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग विमान में सवार थे या उन वाहनों में मौजूद थे, जिन्हें विमान ने टक्कर मारी। विमान से ईंधन का रिसाव भी हो रहा था, जिससे आग और बचाव अभियान को संभालना चुनौतीपूर्ण रहा।
32 साल पुराना था बोइंग 767 विमान
हादसे में शामिल विमान बोइंग 767 था, जिसकी उम्र करीब 32 साल बताई जा रही है। इसे शुरुआत में यात्रियों को ले जाने वाले विमान के तौर पर बनाया गया था, लेकिन बाद में इसे कार्गो विमान में परिवर्तित कर दिया गया। नॉर्थ कैरोलिना की कार्गो कंपनी ’21 Air’ इस विमान का संचालन करती थी और यह अमेजन के लिए उड़ान भर रहा था। फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, 2015 में कार्गो विमान में बदले जाने से पहले यह विमान दो दशक से अधिक समय तक अलग-अलग एयरलाइंस के लिए उड़ान भर चुका था।
एक के बाद एक विमान हादसों से बढ़ी चिंता
मियामी एयरपोर्ट पर हुए इस हादसे ने अमेरिकी एविएशन सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुर्घटना के बाद कई घंटों तक इमरजेंसी टीमें मौके पर मौजूद रहीं और हालात को नियंत्रित करने में जुटी रहीं। इससे पहले कैलिफोर्निया में भी एक विमान हादसा हुआ था, जिसमें दो लोगों की मौत हुई थी। मियामी की घटना की वजह और दुर्घटना के दौरान विमान के रनवे से आगे निकलने के कारणों की विस्तृत जांच अब संबंधित एजेंसियों द्वारा की जाएगी।