MPESB ने खोला सरकारी नौकरी का रास्ता, पुलिस विभाग में 655 पदों पर भर्ती, जानें योग्यता
मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए पुलिस विभाग में भर्ती का नया मौका सामने आया है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस मुख्यालय, गृह (पुलिस) विभाग के तहत सूबेदार (स्टेनोग्राफर) और सहायक उप निरीक्षक (मंत्रालयिक) के पदों पर भर्ती परीक्षा-2026 का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 655 पद भरे जाएंगे। आधिकारिक शेड्यूल के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 सितंबर 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 8 अक्टूबर तक फॉर्म भर सकेंगे, जबकि परीक्षा 3 नवंबर 2026 से आयोजित की जाएगी।
655 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती में सूबेदार (मंत्रालयिक) स्टेनोग्राफर और सहायक उप निरीक्षक (मंत्रालयिक) के पद शामिल हैं। सूबेदार के सामान्य शाखा में 125 और विशेष शाखा में 10 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं सहायक उप निरीक्षक के सामान्य शाखा में 100, मैदानी इकाई में 370, विशेष शाखा में 25 और सीआईडी में 25 पद हैं। इस तरह दोनों पदों को मिलाकर कुल 655 रिक्तियों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
12वीं पास उम्मीदवारों के लिए मौका
दोनों पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है, हालांकि पद के अनुसार तकनीकी योग्यता अलग है। सूबेदार (मंत्रालयिक) स्टेनोग्राफर पद के लिए हिंदी आशुलिपि में 100 शब्द प्रति मिनट की गति, वैध सीपीसीटी हिंदी टाइपिंग स्कोर कार्ड और एक वर्षीय कंप्यूटर डिप्लोमा जैसी योग्यता जरूरी है। वहीं सहायक उप निरीक्षक (मंत्रालयिक) पद के लिए 12वीं पास होने के साथ वैध सीपीसीटी हिंदी टाइपिंग स्कोर कार्ड और संबंधित कंप्यूटर योग्यता मांगी गई है। पात्रता से जुड़ी विस्तृत शर्तें उम्मीदवार आधिकारिक नियमपुस्तिका में देख सकते हैं।
उम्र सीमा और सैलरी कितनी है?
आयु की गणना 8 अक्टूबर 2026 को आधार मानकर की जाएगी। सामान्य वर्ग के पुरुष और मध्य प्रदेश से बाहर के पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 33 वर्ष बताई गई है, जबकि मध्य प्रदेश की महिला उम्मीदवारों तथा राज्य के एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों को 38 वर्ष तक आवेदन की अनुमति है। कुछ विशेष श्रेणियों में अधिकतम आयु सीमा 42 वर्ष तक निर्धारित है और नियमों के अनुसार अतिरिक्त छूट भी मिल सकती है। वेतन की बात करें तो सूबेदार (मंत्रालयिक) पद पर 36,200 से 1,14,800 रुपये और सहायक उप निरीक्षक (मंत्रालयिक) पद पर 19,500 से 62,000 रुपये तक वेतनमान निर्धारित है।
लिखित परीक्षा के बाद होगी स्किल टेस्ट
उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा और उसके बाद कौशल परीक्षा के जरिए किया जाएगा। लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी, जिसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे और इसके लिए दो घंटे का समय मिलेगा। लिखित परीक्षा के बाद पद और श्रेणी के अनुसार उपलब्ध पदों की संख्या के सात गुना उम्मीदवारों को कौशल परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। कौशल परीक्षा भी 100 अंकों की होगी और इसमें न्यूनतम 30 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी होगा। सूबेदार स्टेनोग्राफर के लिए हिंदी आशुलिपि की परीक्षा होगी, जबकि एएसआई पद के लिए हिंदी टाइपिंग टेस्ट आयोजित किया जाएगा।
आवेदन शुल्क कितना देना होगा?
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य वर्ग के सीधे आवेदन के लिए 500 रुपये और मध्य प्रदेश के आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 250 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। विभागीय आवेदन के मामले में सामान्य वर्ग के लिए 200 रुपये और आरक्षित वर्ग के लिए 100 रुपये शुल्क देना होगा। इसके अलावा कियोस्क के जरिए आवेदन करने पर पोर्टल शुल्क 60 रुपये और रजिस्टर्ड यूजर के लिए 20 रुपये निर्धारित है। आवेदन में सुधार करने पर भी निर्धारित सुधार शुल्क और पोर्टल शुल्क देना होगा। उम्मीदवार आवेदन की तारीख, पात्रता, शुल्क और परीक्षा से जुड़ी सभी शर्तों को आधिकारिक नियमपुस्तिका से जरूर जांच लें।