MP के आगर मालवा में दर्दनाक हादसा, उफनते नाले में बह गई कार, 3 बच्चों समेत 8 श्रद्धालुओं की मौत
मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मां बगलामुखी मंदिर के पास तेज बहाव वाले नाले को पार करने की कोशिश कर रही श्रद्धालुओं से भरी कार पानी में बह गई। हादसे में तीन बच्चों, दो महिलाओं और तीन पुरुषों समेत कुल 8 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मृतक सभी ओडिशा के रहने वाले थे और उज्जैन से मंदिर के दर्शन के लिए नलखेड़ा पहुंचे थे।
तेज बहाव के बीच नाला पार करना पड़ा भारी
आगर मालवा के एसपी दिलीप कुमार सोनी के अनुसार, शुरुआती जांच में आशंका है कि कार चालक ने तेज बहाव के बावजूद जल्दबाजी में नाला पार करने की कोशिश की, जिसके चलते वाहन पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना देर रात की बताई जा रही है, हालांकि हादसा किस समय हुआ, इसकी अभी सटीक जानकारी सामने नहीं आई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया गया।
कार के अंदर ही फंसे रह गए श्रद्धालु
एसपी ने बताया कि सुबह नलखेड़ा पुलिस को एक गाड़ी के पानी में डूबे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार को बाहर निकाला। वाहन के अंदर से कुल 8 शव बरामद किए गए, जिनमें तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, कार अंदर से बंद थी, जिसके कारण उसमें सवार लोग बाहर नहीं निकल सके और उनकी जान चली गई।
मृतकों की पहचान में जुटा प्रशासन
हादसे के बाद इलाके में प्रशासन और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। फिलहाल सभी मृतकों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर तेज बहाव के बीच कार को नाले में ले जाने की स्थिति कैसे बनी। बारिश के कारण नाले में अचानक बढ़े पानी को भी हादसे की अहम वजह माना जा रहा है।