IND vs SL: श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, नए चेहरों को मिला मौका
अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार को टीम इंडिया के 15 सदस्यीय स्क्वॉड की घोषणा कर दी है। शुभमन गिल एक बार फिर टीम की कप्तानी संभालेंगे, जबकि केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है। इस बार टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण देखने को मिला है। हालांकि, दो खिलाड़ियों की अंतिम उपलब्धता उनकी फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगी, जिससे पहले टेस्ट से पहले टीम में बदलाव की संभावना भी बनी हुई है।
टीम चयन में कुछ नए नामों ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है। हाल ही में वनडे क्रिकेट में डेब्यू करने वाले लंबे कद के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को टेस्ट टीम में शामिल किया गया है और इस दौरे पर उनके टेस्ट डेब्यू की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, मध्य प्रदेश के ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है। बाएं हाथ से बल्लेबाजी और ऑफ स्पिन गेंदबाजी करने वाले सारांश को घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। विकेटकीपर के तौर पर ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल को स्क्वॉड में शामिल किया गया है।
BCCI ने अपने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया है कि साई सुदर्शन और जसप्रीत बुमराह की उपलब्धता सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) से फिटनेस मंजूरी मिलने के बाद ही तय होगी। वहीं, ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट मैच के लिए चयन के समय उपलब्ध नहीं थे, इसलिए उन्हें शुरुआती मुकाबले के लिए नहीं चुना गया। ऐसे में श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम की अंतिम प्लेइंग इलेवन फिटनेस अपडेट और परिस्थितियों के आधार पर तय होगी।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, जसप्रीत बुमराह (फिटनेस क्लीयरेंस का इंतजार), साई सुदर्शन (फिटनेस क्लीयरेंस का इंतजार).
भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट सीरीज का शेड्यूल
पहला टेस्ट: 15 से 19 अगस्त- गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम
दूसरा टेस्ट: 23 से 27 अगस्त- सिंहली स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड