अमेरिका में बड़ा सैन्य हादसा, टेक्सास में अपाचे हेलिकॉप्टर क्रैश; 2 सैनिकों की मौत
अमेरिका के टेक्सास से सैन्य हेलिकॉप्टर हादसे की बेहद दुखद खबर सामने आई है। सलाडो इलाके में अमेरिकी सेना का एएच-64 अपाचे हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार दोनों सैनिकों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची आपातकालीन टीमों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी आम नागरिक के घायल होने या आसपास की इमारतों को नुकसान पहुंचने की जानकारी नहीं है।
911 कॉल के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
बेल काउंटी शेरिफ कार्यालय के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे स्थानीय समय पर हेलिकॉप्टर दुर्घटना की सूचना 911 के जरिए मिली। सूचना मिलते ही अधिकारी सलाडो पहुंचे और घटनास्थल पर जांच शुरू की। सलाडो, ऑस्टिन शहर से करीब 50 मील उत्तर में स्थित है। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और संबंधित एजेंसियां इसकी जांच में जुटी हैं।
फोर्ट हुड में तैनात था दुर्घटनाग्रस्त अपाचे
अमेरिकी सेना के अनुसार, हादसे का शिकार हुआ अपाचे हेलिकॉप्टर फोर्ट हुड में तैनात था। दोनों मृत सैनिकों को फोर्ट हुड स्थित कार्ल आर. डार्नल आर्मी मेडिकल सेंटर ले जाया गया। सेना ने कहा है कि मृतकों की पहचान उनके परिवारों को सूचना देने के बाद ही सार्वजनिक की जाएगी और नामों को कम से कम 24 घंटे तक गुप्त रखा जाएगा। इस बीच दुर्घटना की परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है।
सेना ने जताया दुख, गवर्नर ने की प्रार्थना की अपील
कैवलरी डिवीजन के कार्यवाहक कमांडिंग जनरल ब्रिगेडियर जनरल एथन डिवेन ने मृत सैनिकों के परिवारों, दोस्तों और साथी जवानों के प्रति गहरी संवेदना जताई। टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने भी सैनिकों के परिवारों और फोर्ट हुड समुदाय के लिए प्रार्थना करने की अपील की। उन्होंने कहा कि टेक्सास अपने राज्य और देश की सेवा करने वाले सैनिकों का हमेशा आभारी रहेगा। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।