लेह-लद्दाख में भूकंप के तेज झटके, 10 किमी गहराई पर था केंद्र; दहशत में घर छोड़कर भागे लोग
लद्दाख के लेह में गुरुवार सुबह अचानक धरती हिलने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब 6 बजकर 5 मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.5 दर्ज की गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था। झटके महसूस होते ही कई लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। फिलहाल किसी व्यक्ति के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है।
तेज झटकों से घरों से बाहर निकले लोग
भूकंप के झटके सुबह के समय महसूस किए गए, जब कुछ लोग अभी सो रहे थे और कई लोग अपने रोजमर्रा के काम में जुटने की तैयारी कर रहे थे। अचानक घरों के हिलने से लोगों में डर फैल गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, झटके इतने तेज थे कि सोते हुए भी घर के कंपन का एहसास हुआ। भूकंप के बाद संभावित आफ्टरशॉक्स को लेकर भी लोगों में चिंता बनी हुई है। एहतियात के तौर पर कई लोग कुछ समय तक घरों के भीतर जाने से बचते रहे।
5.5 तीव्रता के भूकंप को कितना खतरनाक माना जाता है?
भूकंप की तीव्रता के आधार पर उसके प्रभाव का अंदाजा लगाया जाता है। 2.0 या उससे कम तीव्रता वाले भूकंप को बहुत हल्का माना जाता है और इनके झटके अक्सर महसूस नहीं होते। वहीं 4.5 या उससे अधिक तीव्रता के भूकंप स्पष्ट रूप से महसूस किए जा सकते हैं और कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
7.0 या उससे अधिक तीव्रता वाले भूकंप बेहद शक्तिशाली माने जाते हैं और बड़े पैमाने पर तबाही ला सकते हैं। लेह में आया 5.5 तीव्रता का भूकंप भी ऐसा झटका है जिसे गंभीरता से लेते हुए लोगों को संभावित आफ्टरशॉक्स के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है।