UPSSSC Recruitment 2026: सरकारी नौकरी का बड़ा मौका, 1251 पदों पर भर्ती, पढ़ें पूरी डिटेल
उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने पशुपालन विभाग में पशुधन प्रसार अधिकारी के 1251 पदों पर भर्ती का ऐलान किया है। विज्ञापन संख्या 17-परीक्षा/2026 के तहत होने वाली इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 9 सितंबर 2026 से शुरू होंगे। योग्य उम्मीदवार 29 सितंबर तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में संशोधन और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के लिए 6 अक्टूबर तक का समय दिया गया है।
9 सितंबर से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
UPSSSC की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक भर्ती का विज्ञापन 10 अगस्त 2026 को जारी किया गया है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और आवेदन की प्रक्रिया 9 सितंबर से शुरू होगी, जबकि आवेदन की अंतिम तारीख 29 सितंबर तय की गई है। उम्मीदवार 6 अक्टूबर 2026 तक अपने आवेदन में जरूरी संशोधन कर सकेंगे। इस भर्ती के लिए आवेदन केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे।
1251 पदों पर होगी नियुक्ति
इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 1251 पशुधन प्रसार अधिकारी के पद भरे जाएंगे। इनमें 1248 पद सामान्य भर्ती और 3 पद विशेष चयन के तहत हैं। सामान्य भर्ती के 1248 पदों में 500 अनारक्षित, 254 एससी, 25 एसटी, 345 ओबीसी और 144 ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए निर्धारित किए गए हैं। चयनित उम्मीदवारों को लेवल-5 के अनुसार 29,200 रुपये से 92,300 रुपये तक वेतन मिलेगा।
PET 2025 पास उम्मीदवार ही कर सकेंगे आवेदन
पशुधन प्रसार अधिकारी मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों का UPSSSC PET 2025 में शामिल होना और वैध स्कोरकार्ड होना जरूरी है। PET स्कोर के आधार पर अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार का 12वीं कक्षा बायोलॉजी विषय के साथ पास होना जरूरी है। इसके अलावा किसी मान्यता प्राप्त पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय या पशु चिकित्सा महाविद्यालय से दो वर्षीय पशुधन प्रसार डिप्लोमा होना चाहिए। देवनागरी लिपि में हिंदी का ज्ञान भी अनिवार्य है।
21 से 40 वर्ष के उम्मीदवार पात्र
आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की उम्र 1 जुलाई 2026 को कम से कम 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। आवेदन के समय सभी वर्गों के उम्मीदवारों को 25 रुपये ऑनलाइन शुल्क देना होगा। मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट होने वाले अभ्यर्थियों से अलग से परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा।
100 सवाल, दो घंटे का होगा पेपर
PET स्कोर के आधार पर चयनित उम्मीदवारों को पशुधन प्रसार अधिकारी मुख्य परीक्षा देनी होगी। परीक्षा में 100 वस्तुनिष्ठ एवं बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। अभ्यर्थियों को पेपर हल करने के लिए दो घंटे का समय मिलेगा। परीक्षा में गलत उत्तर देने पर एक चौथाई अंक की नेगेटिव मार्किंग भी लागू होगी। ऐसे में उम्मीदवारों के लिए जरूरी है कि वे आवेदन की तारीख शुरू होने से पहले अपनी पात्रता और PET 2025 स्कोर से जुड़ी सभी जानकारी अच्छी तरह जांच लें।