Aawarapan 2 Collection: इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ ने मचाया तहलका, दो दिन में 50 करोड़ क्लब में एंट्री
इमरान हाशमी एक बार फिर अपने पुराने रोमांटिक और एक्शन अवतार में दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब रहे हैं. उनकी फिल्म ‘आवारापन 2’ ने रिलीज के महज दो दिनों में बॉक्स ऑफिस पर ऐसा तूफान मचाया है कि यह उनके करियर की बड़ी फिल्मों में शामिल होती दिख रही है. फिल्म को मिल रहे जबरदस्त रिस्पॉन्स और शानदार कमाई ने मेकर्स के चेहरे पर मुस्कान ला दी है.
दूसरे दिन ही करोड़ों की बरसात
सैकनिल्क के मुताबिक, ‘आवारापन 2’ ने दूसरे दिन भारत में 33.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि फिल्म की ग्रॉस कमाई 40.50 करोड़ रुपये रही. फिल्म को कुल 10,496 शोज मिले और इसकी ऑक्यूपेंसी करीब 55 प्रतिशत रही. दो दिनों में फिल्म की नेट कमाई 55.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 66.90 करोड़ रुपये हो चुका है.
वर्ल्डवाइड भी शानदार प्रदर्शन
सिर्फ घरेलू बॉक्स ऑफिस ही नहीं, बल्कि विदेशी बाजार में भी ‘आवारापन 2’ अपनी पकड़ मजबूत करती नजर आ रही है. फिल्म ने अब तक दुनियाभर में 72.90 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. वहीं ओवरसीज मार्केट से फिल्म की कमाई करीब 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है. जिस रफ्तार से फिल्म आगे बढ़ रही है, उससे आने वाले दिनों में इसके कलेक्शन में और बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है.
इमरान-दिशा की जोड़ी पर फिदा हुए फैंस
रोमांस और एडवेंचर से भरपूर इस फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी लीड रोल में हैं, जबकि शबाना आजमी भी अहम भूमिका में नजर आ रही हैं. नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी इस फिल्म की सिनेमेटोग्राफी विष्णु राव ने की है और विशेष भट्ट इसके प्रोड्यूसर हैं. फिल्म 2007 में रिलीज हुई ‘आवारापन’ का सीक्वल है. पहले पार्ट को रिलीज के समय भले ही खास सफलता नहीं मिली थी, लेकिन बाद में इसके गानों और कहानी को दर्शकों ने खूब पसंद किया.
पूरन गब्बी के किरदार ने खींचा ध्यान
‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी के साथ कई कलाकारों के अभिनय की भी चर्चा हो रही है. अनिरुद्ध रावल फिल्म का हिस्सा हैं, जबकि पूरन गब्बी ने विलेन का किरदार निभाकर खासा ध्यान खींचा है. पूरन गब्बी एक्टर होने के साथ-साथ म्यूजिशियन भी हैं और बॉलीवुड एक्ट्रेस वामिका गब्बी के छोटे भाई हैं. फिल्म में उनका किरदार दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.