बिजली का पोल गिरा, करंट फैलने की अफवाह… लखीसराय के अशोकधाम के बाहर भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत
सावन की तीसरी सोमवारी पर बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच सुबह अचानक अफरातफरी मच गई। मंदिर के बाहरी परिसर और अशोकधाम हॉल्ट की ओर जाने वाले रास्ते पर भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में अब तक 7 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि 8 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लखीसराय में भर्ती कराया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
अचानक बढ़ गई श्रद्धालुओं की भीड़
लखीसराय डीएम के मुताबिक हादसा सोमवार सुबह करीब साढ़े छह से सात बजे के बीच हुआ। उस समय मंदिर में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में कांवरिए और श्रद्धालु पहुंच रहे थे। भीड़ इतनी बढ़ गई थी कि श्रद्धालुओं की कतार अशोकधाम हॉल्ट तक पहुंच गई थी। इसी दौरान वहां दो ट्रेनें भी रुकी हुई थीं, जिससे मौके पर भीड़ और दबाव बढ़ गया।
बिजली का पोल गिरने के बाद मची अफरातफरी
बताया जा रहा है कि इसी दौरान अचानक बिजली का एक खंभा गिर गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच पोल में करंट दौड़ने की अफवाह फैल गई। देखते ही देखते लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। भीड़ के अचानक बेकाबू होने से भगदड़ की स्थिति बन गई और कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिरकर दब गए।
मौके पर मची चीख-पुकार
भगदड़ के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और वहां मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने तुरंत राहत और बचाव का काम शुरू किया। लोगों ने जमीन पर गिरे और भीड़ के नीचे दबे श्रद्धालुओं को बाहर निकालने की कोशिश की। हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी गई।
अस्पताल में घायलों का इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को तत्काल सदर अस्पताल लखीसराय भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की पहचान और घटना के पूरे कारणों की जांच की जा रही है।