कौन हैं टेवोल्डे गेब्रेमारियम, जो संभालेंगे Air India की कमान? जानिए नए CEO-MD के बारे में सब
एयर इंडिया ने अपने नेतृत्व में बड़ा बदलाव करते हुए एविएशन इंडस्ट्री के दिग्गज टेवोल्डे गेब्रेमारियम को नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त किया है। वह कैंपबेल विल्सन की जगह लेंगे, जिन्होंने वर्ष 2022 से एयरलाइन का नेतृत्व किया। ऐसे समय में यह बदलाव हुआ है जब टाटा समूह एयर इंडिया को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी और आधुनिक एयरलाइन बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। माना जा रहा है कि टेवोल्डे का अनुभव एयर इंडिया के विस्तार और भविष्य की रणनीति को नई गति देगा।
कौन हैं टेवोल्डे गेब्रेमारियम?
टेवोल्डे गेब्रेमारियम को दुनिया के सबसे सफल एविएशन लीडर्स में गिना जाता है। उन्होंने एक दशक से अधिक समय तक इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप के CEO के रूप में कार्य किया और अपने कार्यकाल में एयरलाइन को अफ्रीका की सबसे बड़ी, सबसे लाभदायक और प्रतिष्ठित एयरलाइंस में बदल दिया। उनके नेतृत्व में कंपनी का राजस्व करीब चार गुना बढ़ा, जबकि विमान बेड़े का आकार लगभग तीन गुना हो गया। यही सफल ट्रैक रिकॉर्ड उन्हें वैश्विक विमानन क्षेत्र की सबसे भरोसेमंद हस्तियों में शामिल करता है।
भारत की सबसे पुरानी एयरलाइन
भारत की सबसे पुरानी एयरलाइन एयर इंडिया की शुरुआत वर्ष 1932 में जे.आर.डी. टाटा ने ‘टाटा एयरलाइंस’ के नाम से की थी। वर्ष 1946 में इसका नाम एयर इंडिया रखा गया और 1953 में इसका राष्ट्रीयकरण कर दिया गया। लगभग सात दशक बाद जनवरी 2022 में यह फिर से टाटा समूह के पास लौट आई। इसके बाद से एयर इंडिया अपने आधुनिकीकरण, नए विमानों की खरीद, बेहतर यात्री अनुभव और वैश्विक विस्तार पर लगातार निवेश कर रही है। अब टेवोल्डे गेब्रेमारियम के नेतृत्व में कंपनी के इस बदलाव को और अधिक रफ्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
नेतृत्व परिवर्तन पर क्या बोले टाटा संस के चेयरमैन?
टाटा संस और एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने इस नियुक्ति पर कहा, “कैंपबेल विल्सन के मार्गदर्शन में स्थलीकरण, एकीकरण और बेड़े की प्रतिबद्धताओं के शुरुआती चरण को पूरा करने के बाद, एयर इंडिया अब एक महत्वपूर्ण निष्पादन और विस्तार के दौर में प्रवेश कर रही है। दुनिया के सबसे कुशल और लाभदायक एयरलाइन समूहों में से एक के निर्माण का टेवोल्डे गेब्रेमारियम का ट्रैक रिकॉर्ड उन्हें एयर इंडिया का नेतृत्व करने के लिए बेहद उपयुक्त बनाता है।”
उन्होंने आगे कहा, “एयर इंडिया को एक प्रमुख वैश्विक वाहक और राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक के रूप में स्थापित करने में उनकी परिचालन विशेषज्ञता, सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और हब विकास का विजन महत्वपूर्ण साबित होगा।”
नए सीईओ टेवोल्डे गेब्रेमारियम ने क्या कहा?
अपनी नियुक्ति पर खुशी जाहिर करते हुए नए सीईओ और एमडी टेवोल्डे गेब्रेमारियम ने कहा, “एयर इंडिया एक अविश्वसनीय विरासत को समेटे हुए है और एक ऐसी विश्व स्तरीय वैश्विक एयरलाइन के निर्माण का अवसर जो भारत की असाधारण आर्थिक क्षमता को दर्शाता है, बेहद रोमांचक है।” उन्होंने कहा कि वह असाधारण परिचालन विश्वसनीयता, आत्मीय भारतीय आतिथ्य और दीर्घकालिक विकास को गति देने के लिए चेयरमैन चंद्रशेखरन, बोर्ड, कर्मचारियों और सभी उद्योग साझेदारों के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं।