रिकॉर्ड गर्मी से तप रहा अमेरिका, 132 साल का रिकॉर्ड टूटा; 15 हजार एकड़ में धधक रही आग
अमेरिका में इस साल गर्मी ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिसने मौसम वैज्ञानिकों की चिंता बढ़ा दी है। जुलाई 2026 को देश के इतिहास का सबसे गर्म जुलाई ही नहीं, बल्कि 132 साल के उपलब्ध रिकॉर्ड में सबसे गर्म महीना दर्ज किया गया है। नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन के मुताबिक, एक तरफ तापमान ने पुराने आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है तो दूसरी तरफ कैलिफोर्निया और नेवादा की सीमा के पास लगी बग फायर तेजी से फैल रही है। आग अब करीब 15 हजार एकड़ क्षेत्र को अपनी चपेट में ले चुकी है।
76.9 डिग्री फॉरेनहाइट रहा औसत तापमान
जुलाई में अमेरिका के 48 राज्यों का औसत तापमान 76.9 डिग्री फॉरेनहाइट यानी करीब 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा। यह 20वीं सदी के औसत से 3.3 डिग्री फॉरेनहाइट अधिक है। इससे पहले जुलाई 1936 को सबसे गर्म महीना माना जाता था, जब औसत तापमान 76.8 डिग्री फॉरेनहाइट दर्ज हुआ था। अमेरिका के पांच सबसे गर्म महीनों में जुलाई 2012, जुलाई 2006 और जुलाई 2022 भी शामिल हैं। इन आंकड़ों में अलास्का और हवाई समेत कुछ अन्य अमेरिकी क्षेत्र शामिल नहीं हैं।
जलवायु परिवर्तन से बढ़ रही गर्मी
वैज्ञानिकों का मानना है कि अमेरिका में लगातार बढ़ते तापमान के पीछे मानव गतिविधियों से होने वाला जलवायु परिवर्तन एक प्रमुख वजह है। कोयला, तेल और गैस जैसे जीवाश्म ईंधनों के जलने से वातावरण में ग्रीनहाउस गैसों की मात्रा बढ़ रही है, जिसका असर वैश्विक तापमान पर पड़ रहा है। हालांकि 1936 में दर्ज भीषण गर्मी की परिस्थितियां अलग थीं। उस समय ग्रेट प्लेन्स क्षेत्र में लंबे सूखे, अत्यधिक गर्मी और जरूरत से ज्यादा जुताई ने जमीन को बेहद शुष्क बना दिया था, जिससे ‘डस्ट बाउल’ जैसी भयावह स्थिति पैदा हुई थी।
कैलिफोर्निया-नेवादा सीमा पर बेकाबू बग फायर
रिकॉर्ड गर्मी के बीच कैलिफोर्निया और नेवादा की सीमा के पास लगी बग फायर ने भी प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कैलिफोर्निया की दमकल एजेंसी के अनुसार, आग करीब 15 हजार एकड़ में फैल चुकी है और अभी तक सिर्फ 3 प्रतिशत हिस्से पर ही काबू पाया जा सका है। उत्तरी वाशो काउंटी के कई इलाकों में लोगों को घर खाली करने के आदेश और चेतावनियां जारी की गई हैं। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में दमकलकर्मियों के प्रयासों के बाद निकासी संबंधी आदेशों में राहत दी गई है।
तेजी से बदल सकते हैं हालात, सतर्क रहने की अपील
अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों के लोगों से लगातार सतर्क रहने और नए निकासी आदेशों पर नजर रखने की अपील की है। आग की दिशा और मौसम की परिस्थितियां तेजी से बदल सकती हैं, जिससे स्थिति अचानक गंभीर हो सकती है। अमेरिका में एक ओर रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और दूसरी ओर जंगल की आग का बढ़ता दायरा इस बात की ओर इशारा कर रहा है कि अत्यधिक गर्म मौसम से जुड़ी चुनौतियां लगातार गंभीर होती जा रही हैं।