अतीक अहमद के बेटे की सड़क हादसे में मौत, जेल में अपने भाई से मिलने जा रहा था अबान अहमद
माफिया से नेता बने अतीक अहमद के परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गुरुवार को उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे में अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद की मौत हो गई। हादसे में उसके साथ मौजूद सोनू ने भी दम तोड़ दिया, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
भाई अली से मिलने जा रहा था अबान
जानकारी के मुताबिक, अबान अहमद अपने कुछ साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने के लिए निकला था। सुबह करीब साढ़े दस बजे कानपुर-झांसी हाईवे पर पुंछ थाना क्षेत्र के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई जिंदगी की डोर
कार में कुल पांच लोग सवार थे। हादसे में अबान अहमद और सोनू को गंभीर चोटें आईं। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं उमर अहमद, मोहम्मद जैद और असलम गंभीर रूप से घायल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की वजह पर पुलिस कर रही जांच
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जुटाए जा रहे हैं ताकि दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।
जानवर को बचाने की कोशिश का दावा, आधिकारिक पुष्टि बाकी
परिजनों और अतीक अहमाद के करीबी रिश्तेदारों का कहना है कि कार के सामने अचानक एक जानवर आ गया था। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार डिवाइडर से टकरा गई। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है और अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के सही कारणों की जानकारी दी जाएगी।
अतीक अहमद के पांच बेटों में से असद अहमद अप्रैल 2023 में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था। उसी वर्ष अतीक अहमद की भी प्रयागराज में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। फिलहाल अली अहमद झांसी जेल में बंद है, जहां उसे अक्टूबर 2025 में नैनी सेंट्रल जेल से स्थानांतरित किया गया था। अब सड़क हादसे में अबान अहमद की मौत के बाद अतीक के परिवार को एक और बड़ा झटका लगा है, जबकि परिवार के दो अन्य बेटे अभी अपनी स्कूली शिक्षा पूरी कर रहे हैं।