BMW 7 सीरीज फेसलिफ्ट भारत में हुई लॉन्च, कीमत से लेकर फीचर्स तक… यहां जानें सबकुछ
BMW ने भारतीय बाजार में अपनी लग्जरी सेडान 7 सीरीज के फेसलिफ्ट मॉडल को लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.95 करोड़ रुपये रखी गई है। खास बात यह है कि कंपनी ने इसके साथ इलेक्ट्रिक वर्जन i7 को भी भारतीय बाजार में उतारा है, जिसकी शुरुआती कीमत भी 1.95 करोड़ रुपये है। इस मौके पर फिल्म अभिनेता रणवीर सिंह ने दोनों लग्जरी कारों को लॉन्च किया। कंपनी ने हाल ही में उन्हें अपना ब्रांड एम्बेस्डर भी बनाया है।
पहले से ज्यादा प्रीमियम हुआ एक्सटीरियर डिजाइन
नई BMW 7 सीरीज फेसलिफ्ट के डिजाइन में कई अहम बदलाव देखने को मिलते हैं। कार के फ्रंट प्रोफाइल को नया रूप दिया गया है, जिसमें अपडेटेड स्प्लिट हेडलाइट्स और पहले से ज्यादा स्क्वायर शेप वाली किडनी ग्रिल शामिल है। ग्रिल में हॉरिजॉन्टल स्लैट्स दिए गए हैं, जबकि इसके चारों ओर इल्यूमिनेटेड सराउंड इसे रात में खास लुक देता है। इन बदलावों के चलते कार का रोड प्रेजेंस पहले के मुकाबले और ज्यादा शानदार नजर आता है।
केबिन में लग्जरी के साथ हाईटेक अनुभव
BMW ने 7 सीरीज फेसलिफ्ट के इंटीरियर को भी काफी आधुनिक बनाया है। इसका केबिन कंपनी के नए डिजाइन दर्शन से प्रेरित नजर आता है। डैशबोर्ड पर 17.9 इंच का बड़ा टचस्क्रीन और फ्रंट पैसेंजर के लिए 14.6 इंच की स्क्रीन दी गई है। इसके अलावा पिलर-टू-पिलर विजन डिस्प्ले और नया टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील भी मिलता है। पीछे बैठने वाले यात्रियों के आराम का खास ध्यान रखा गया है, जहां काफ सपोर्ट के साथ 31.3 इंच की 8K स्क्रीन केबिन को प्रीमियम लाउंज जैसा अनुभव देती है।
35-स्पीकर ऑडियो सिस्टम से मसाज सीटों तक कई खूबियां
फीचर्स के मामले में भी नई 7 सीरीज किसी हाई-एंड लग्जरी कार से कम नहीं है। इसमें Bowers & Wilkins का 35-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, पावर्ड गेट्स और पैनोरमिक ग्लास रूफ जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा यात्रियों के लिए हीटेड, वेंटिलेटेड और मसाज फंक्शन वाली सीटें भी उपलब्ध हैं। इन सुविधाओं का मकसद कार के सफर को सिर्फ आरामदायक ही नहीं, बल्कि एक प्रीमियम और एंटरटेनमेंट से भरपूर अनुभव बनाना है।
पेट्रोल से लेकर इलेक्ट्रिक पावर तक दमदार ऑप्शन
पावरट्रेन की बात करें तो BMW 7 सीरीज फेसलिफ्ट में माइल्ड-हाइब्रिड तकनीक के साथ 3.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है। वहीं, इसका इलेक्ट्रिक मॉडल BMW i7 eDrive 50 वेरिएंट में आता है। यह इलेक्ट्रिक सेडान 450bhp की पावर और 600Nm का टॉर्क जनरेट करती है और इसमें 112.5kWh का बड़ा बैटरी पैक मिलता है। कंपनी के मुताबिक, i7 एक बार फुल चार्ज होने पर 728 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम है।