BMW की नई इलेक्ट्रिक सेडान ने मारी एंट्री, 669KM रेंज और लग्जरी फीचर्स से लैस, इतनी है कीमत
लग्जरी इलेक्ट्रिक कारों के सेगमेंट में BMW ने भारत में एक और बड़ा कदम उठाते हुए नई i5 Long Wheelbase (LWB) लॉन्च कर दी है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 79.60 लाख रुपये है। खास बात यह है कि i5 LWB भारत में कंपनी की पहली ऐसी इलेक्ट्रिक सेडान है, जिसे देश में ही तैयार किया जाएगा। इसका प्रोडक्शन BMW के चेन्नई प्लांट में होगा, जबकि कार की डिलीवरी भी शुरू हो चुकी है। कंपनी ने i5 eDrive35L M Sport के साथ लिमिटेड First Edition भी पेश किया है, जिसकी सिर्फ 99 यूनिट बनाई गई थीं और ये लॉन्च से पहले ही बिक गईं।
लंबे व्हीलबेस के साथ ज्यादा जगह और आराम
BMW i5 LWB को खासतौर पर उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो पीछे की सीट पर ज्यादा स्पेस और प्रीमियम कंफर्ट चाहते हैं। कार की लंबाई 5,175mm, चौड़ाई 2,156mm और ऊंचाई 1,520mm है, जबकि इसका व्हीलबेस 3,105mm है। डिजाइन की बात करें तो इसमें इल्यूमिनेटेड किडनी ग्रिल, अडैप्टिव LED हेडलाइट्स, L-शेप LED टेललाइट्स, 20-इंच M अलॉय व्हील और फ्लश-फिटिंग डोर हैंडल मिलते हैं। नया Hofmeister kink डिजाइन भी कार के प्रीमियम लुक को और खास बनाता है।
लग्जरी के साथ हाई-टेक केबिन
कार का इंटीरियर भी टेक्नोलॉजी और लग्जरी का शानदार मेल नजर आता है। इसमें 12.3-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 14.9-इंच सेंट्रल टचस्क्रीन वाला BMW Curved Display दिया गया है। इसके अलावा इल्यूमिनेटेड BMW Interaction Bar, CraftedClarity क्रिस्टल फिनिश एलिमेंट्स, 4-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और फ्रंट सीट वेंटिलेशन जैसे फीचर्स मिलते हैं। Sky Lounge पैनोरमिक ग्लास रूफ, vegan Veganza अपहोल्स्ट्री और Bowers & Wilkins सराउंड साउंड सिस्टम इसे और प्रीमियम बनाते हैं। First Edition में रियर पैसेंजर्स के लिए टैबलेट और टैबलेट होल्डर वाला अलग एंटरटेनमेंट पैकेज भी दिया गया है।
669Km की रेंज और 268bhp की ताकत
BMW i5 eDrive35L में 81.6kWh का बैटरी पैक दिया गया है, जिसके साथ सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है। यह मोटर 268bhp की पावर और 410Nm का टॉर्क जनरेट करती है। कार महज 6.7 सेकंड में 0 से 100kmph की रफ्तार पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड 195kmph है। BMW के मुताबिक, i5 LWB एक बार फुल चार्ज होने पर MIDC साइकिल के अनुसार 669Km तक की दूरी तय कर सकती है। 160kW DC फास्ट चार्जिंग से बैटरी को 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब 33 मिनट लगते हैं, जबकि 11kW AC चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलता है। कंपनी कार के साथ वॉल्बॉक्स चार्जर और उसकी इंस्टॉलेशन सुविधा भी दे रही है।
भारतीय सड़कों के हिसाब से ट्यून किया सस्पेंशन
आरामदायक ड्राइविंग के लिए i5 LWB में अडैप्टिव रियर-एक्सल एयर सस्पेंशन दिया गया है और ग्राउंड क्लीयरेंस भी बढ़ाई गई है। BMW ने इसके सस्पेंशन को भारतीय सड़कों को ध्यान में रखकर ट्यून किया है, ताकि खराब रास्तों पर भी सफर ज्यादा आरामदायक रहे। कार में 50:50 वेट डिस्ट्रीब्यूशन मिलता है और ड्राइवर को Personal, Efficient, Sport, Expressive, Relax, Digital Art जैसे अलग-अलग ड्राइविंग मोड दिए गए हैं। यानी यह इलेक्ट्रिक सेडान आराम के साथ-साथ ड्राइविंग एक्सपीरियंस पर भी खास फोकस करती है।
सेफ्टी में भी नहीं छोड़ी कोई कसर
BMW i5 LWB में सुरक्षा के लिए कई एडवांस फीचर्स दिए गए हैं। इसमें Stop & Go के साथ Adaptive Cruise Control, Parking Assistant Professional, Reverse Assistant, Lane Change Warning, Cross Traffic Warning, Front और Rear Collision Warning तथा Exit Warning शामिल हैं। कार में कुल 8 एयरबैग दिए गए हैं। वारंटी की बात करें तो BMW इस मॉडल के साथ 2 साल की अनलिमिटेड किलोमीटर स्टैंडर्ड वारंटी दे रही है, जबकि हाई-वोल्टेज बैटरी पर 8 साल या 1.60 लाख किलोमीटर की वारंटी मिलेगी। BMW Smart Finance के तहत कंपनी 4 साल बाद कार की 55 प्रतिशत वैल्यू का बायबैक विकल्प भी दे रही है।